नई दिल्ली : इंडिया अंडर-19 और श्रीलंका अंडर-19 के बीच खेले जा रहे दूसरे अनाधिकारिक टेस्ट मैच में भारतीय टीम ने अपनी पकड़ पूरी तरह मजबूत कर ली है। मुकाबले के तीसरे दिन ही चौथी पारी की शुरुआत हो चुकी है और भारत ने श्रीलंका के सामने जीत के लिए 472 रन का विशाल लक्ष्य रखा है। पहली पारी में भारत के 411 रन के जवाब में श्रीलंकाई टीम सिर्फ 148 रन पर सिमट गई, जिससे भारत को 263 रन की बड़ी बढ़त मिली। इसके बाद दूसरी पारी में लक्ष्य रायचंदानी के शानदार शतक और मनल चौहान के अर्धशतक की बदौलत भारत ने अपनी स्थिति और मजबूत करते हुए श्रीलंका को मुश्किल लक्ष्य दिया।
भारतीय बल्लेबाजों के शानदार प्रदर्शन के बाद गेंदबाजों ने भी अपना जादू बिखेरा। रोहित यादव, प्रणव रागवेंद्र, जेगन्नाथन हेमचुदेशन और चिगुरुपति वेंकट को 2-2 सफलताएं मिलीं। काव्य पटेल ने भी एक विकेट अपने नाम किया। श्रीलंका अंडर 19 की पूरी टीम 52.1 ओवर में 148 रन पर ढेर हो गई। फिर दूसरी पारी में लक्ष्य और मनल की बेहतरीन पारियों की बदौलत भारत ने 40.2 ओवर में ही 3 विकेट पर 208 रन बनाए और श्रीलंकाई टीम के खिलाफ 471 रन की कुल बढ़त बनाते हुए पारी घोषित कर दी।
पहली पारी में बिना खाता खोले आउट होने वाले लक्ष्य रायचंदानी ने दूसरी पारी में शानदार वापसी करते हुए शतकीय पारी खेली। उन्होंने 116 गेंदों पर नाबाद 100 रन बनाए, जिसमें 9 चौके और 1 छक्का शामिल रहा। इससे पहले पहले अनाधिकारिक टेस्ट में भी लक्ष्य ने 207 रन की बेहतरीन पारी खेलकर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया था। वहीं, मनल चौहान ने भी आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 46 गेंदों पर नाबाद 51 रन बनाए। उनकी पारी में 7 चौके और 1 छक्का शामिल रहा, जिसकी बदौलत भारत ने अपनी बढ़त 470 रन के पार पहुंचाकर श्रीलंका के सामने 472 रन का विशाल लक्ष्य रखा।
श्रीलंका का पहला विकेट शून्य पर गिरा
472 रन के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंका अंडर-19 टीम की शुरुआत बेहद खराब रही। टीम ने बिना कोई रन बनाए ही अपने सलामी बल्लेबाज दिमंथा महाविताना का विकेट गंवा दिया। भारत को यह शुरुआती सफलता चिगुरुपति वेंकट ने दिलाई। खबर लिखे जाने तक श्रीलंका अंडर-19 का स्कोर 3 ओवर में 1 विकेट के नुकसान पर 5 रन था। तीसरे दिन के खेल में अभी 38 ओवर शेष थे। मौजूदा स्थिति को देखते हुए कहा जा सकता है कि भारतीय टीम तीसरे ही दिन मुकाबले पर पूरी तरह अपना कब्जा मजबूत कर सकती है।
अगर भारतीय अंडर-19 टीम यह मुकाबला जीतने में सफल रहती है तो वह दो मैचों की अनाधिकारिक टेस्ट सीरीज भी अपने नाम कर लेगी। इससे पहले श्रीलंका दौरे पर भारत को तीन मैचों की अनाधिकारिक वनडे सीरीज में 1-2 से हार का सामना करना पड़ा था। वहीं, गॉल में खेला गया पहला अनाधिकारिक टेस्ट ड्रॉ रहा था। ऐसे में दूसरे टेस्ट में जीत भारत को टेस्ट सीरीज का विजेता बना देगी। साथ ही टीम इंडिया के पास वनडे सीरीज में मिली हार का हिसाब बराबर करने का भी शानदार मौका होगा।


