एफआईएच प्रो लीग: जर्मनी से आखिरी मिनटों में हारा भारत, जुगराज सिंह का 100वां मैच रहा यादगार

0

रॉटरडैम। भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने एफआईएच हॉकी प्रो लीग 2025-26 के रॉटरडैम चरण के अपने तीसरे मुकाबले में मौजूदा विश्व चैंपियन जर्मनी को कड़ी टक्कर दी, लेकिन अंतिम मिनटों में दो गोल खाकर 1-2 से हार का सामना करना पड़ा। भारत के लिए जुगराज सिंह ने अपने 100वें अंतरराष्ट्रीय मैच को यादगार बनाते हुए गोल दागा, जबकि जर्मनी ने जस्टस वाइगांड और जैकब ब्रिला के देर से किए गए गोलों की बदौलत मुकाबला अपने नाम कर लिया।

मैच की शुरुआत से ही भारतीय टीम ने आक्रामक खेल दिखाया और गेंद पर बेहतर नियंत्रण बनाए रखते हुए जर्मनी पर दबाव बनाया। मजबूत रक्षापंक्ति के कारण विश्व चैंपियन टीम को पहले हाफ में स्पष्ट मौके नहीं मिले। दूसरे क्वार्टर में भारत ने हाई प्रेस के जरिए जर्मनी से कई गलतियां कराईं। अभिषेक ने शानदार मूव तैयार कर भारत के लिए बेहतरीन मौका बनाया, लेकिन टीम उसे गोल में नहीं बदल सकी। दोनों टीमों के बीच पहले हाफ तक मुकाबला गोलरहित बराबरी पर रहा।

तीसरे क्वार्टर के 38वें मिनट में भारत को पहला पेनल्टी कॉर्नर मिला, जिसे जुगराज सिंह ने दमदार ड्रैग फ्लिक के जरिए गोल में बदलकर टीम को 1-0 की बढ़त दिलाई। यह गोल उनके 100वें अंतरराष्ट्रीय मैच में आया, जिससे यह उपलब्धि और भी खास बन गई। इसके बाद जर्मनी को कुछ पेनल्टी कॉर्नर मिले, लेकिन भारतीय गोलकीपर मोहित एचएस ने शानदार बचाव करते हुए टीम की बढ़त बरकरार रखी और भारत अंतिम क्वार्टर में बढ़त के साथ उतरा।

आखिरी क्वार्टर में भारत के पास बढ़त दोगुनी करने के अवसर आए, लेकिन टीम उनका फायदा नहीं उठा सकी। इसका लाभ उठाते हुए जर्मनी ने 56वें मिनट में जस्टस वाइगांड के पेनल्टी कॉर्नर गोल से बराबरी हासिल कर ली। इसके बाद अंतिम सेकंडों में मिले एक और पेनल्टी कॉर्नर पर जैकब ब्रिला ने विजयी गोल दागकर जर्मनी को 2-1 की रोमांचक जीत दिला दी। अब भारतीय टीम अपना अगला मुकाबला 21 जून को भारतीय समयानुसार शाम 5:30 बजे मेजबान नीदरलैंड्स के खिलाफ खेलेगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here