भारत-नामीबिया मैच आज, दिल्ली मेट्रो-ट्रैफिक पुलिस ने जारी की ट्रैफिक एडवाइजरी

0

नई दिल्ली : ICC टी20 वर्ल्ड कप 2026 में आज (गुरुवार, 12 फरवरी) भारत और नामीबिया के बीच अहम मुकाबला खेला जाएगा। यह मैच शाम 7 बजे दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम (फिरोजशाह कोटला) में शुरू होगा। मौजूदा वर्ल्ड चैंपियन भारतीय टीम इस मुकाबले में नामीबिया के खिलाफ मजबूत दावेदार मानी जा रही है। मैच को देखते हुए दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (DMRC) और दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने विशेष इंतजाम और एडवाइजरी जारी की है, ताकि दर्शकों को आवाजाही में किसी तरह की परेशानी न हो।

मैच से पहले ट्रैफिक पुलिस का अलर्ट

मैच को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने विशेष ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। स्टेडियम के आसपास भारी भीड़ की संभावना के कारण कई मार्गों पर यातायात संबंधी प्रतिबंध लगाए गए हैं। ये व्यवस्थाएं शाम 6 बजे से रात 11:30 बजे तक प्रभावी रहेंगी।

इन रास्तों पर लगेंगी पाबंदियां
  • बहादुर शाह ज़फर मार्ग (आईटीओ चौक से दिल्ली गेट तक)
  • आसफ अली रोड (तुर्कमान गेट से दिल्ली गेट तक)
  • राजघाट से जेएलएन मार्ग तक का हिस्सा

दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने अपील की है कि मैच के दौरान यदि आप स्टेडियम क्षेत्र से होकर गुजरने की योजना बना रहे हैं, तो वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करें। एडवाइजरी के अनुसार, राजधानी में टी20 वर्ल्ड कप के कुल छह मुकाबले आयोजित किए जा रहे हैं, जो 10, 12, 13, 16 और 18 फरवरी तथा 1 मार्च को निर्धारित हैं। इन तिथियों पर यातायात व्यवस्था में व्यापक बदलाव और कुछ स्थानों पर प्रतिबंध लागू किए जाएंगे, ताकि दर्शक बिना परेशानी स्टेडियम तक पहुंच सकें और शहर में जाम की स्थिति न बने।

  • 12 फरवरी को शाम 6 बजे से रात 11:30 बजे तक रोक रहेगी.
  • 13 फरवरी और 1 मार्च को दोपहर 2 बजे से शाम 7 बजे तक रोक रहेगी.
  • 16 फरवरी और 18 फरवरी को सुबह 9 बजे से दोपहर 2 बजे तक पाबंदियां रहेंगी.

स्टेडियम के पास सिर्फ स्पेशल पार्किंग लेबल वाली गाड़ियों को जगह मिलेगी. आम लोगों के लिए फ्री पार्किंग माता सुंदरी रोड, राजघाट पावर हाउस रोड और वेलोड्रोम रोड के नीचे तैयार की गई है. कार से आने वाले दर्शक पार्किंग के लिए इन जगहों का इस्तेमाल करें. दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (डीएमआरसी) ने भारत बनाम नामीबिया के मैच के लिए आखिरी ट्रेनों का समय बढ़ा दिया है. मैच के बाद देर रात तक मेट्रो चलेगी ताकि दर्शक आसानी से घर लौट सकें.

स्टेडियम के सबसे नजदीकी मेट्रो स्टेशन कौन से हैं?
  • दिल्ली गेट (गेट नंबर 4 और 5)
  • ITO (गेट नंबर 3 और 4)

स्टेडियम पहुंचने के लिए मेट्रो को सबसे सुविधाजनक और सुरक्षित साधन माना जा रहा है, क्योंकि इससे ट्रैफिक जाम से बचते हुए समय पर पहुंचा जा सकता है। टीम इंडिया ने अपने पहले मुकाबले में अमेरिका को 29 रन से हराया था और अब नामीबिया के खिलाफ जीत दर्ज कर ग्रुप में अपनी स्थिति और मजबूत करने की कोशिश करेगी। दूसरी ओर, नामीबिया को अपने पिछले मैच में नीदरलैंड्स से हार मिली थी, लेकिन वह भारतीय टीम को कड़ी टक्कर देने और दबाव बनाने का प्रयास करेगी। इस मुकाबले में भारत की ओर से कप्तान सूर्यकुमार यादव, हार्दिक पंड्या और जसप्रीत बुमराह जैसे स्टार खिलाड़ी मैदान में उतरेंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here