फाइनल के टिकट के लिए भारत को बनाने होंगे 228 रन, इशान का कहर और आर्यन का कमाल

0

नई दिल्ली : अंडर-19 एशिया कप 2026 के दूसरे सेमीफाइनल में भारतीय टीम का सामना अफगानिस्तान अंडर-19 से हो रहा है। मुकाबले में अफगानिस्तान के कप्तान सोहेल खान ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए अफगानिस्तान की टीम निर्धारित 50 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 227 रन ही बना सकी। अब भारतीय अंडर-19 टीम को फाइनल में जगह पक्की करने के लिए 228 रन का लक्ष्य हासिल करना होगा। भारत के लिए गेंदबाजी में एक बार फिर इशान सूद चमके और 9 ओवर में 1 मेडन के साथ 43 रन देकर 3 विकेट झटके। आर्यसन सवसानी को भी दो सफलताएं मिलीं और उन्होंने 7 ओवर में 29 रन दिए। काव्य पटेल, यशबर्धन चौहान और अर्जुन राजपूत को एक-एक विकेट मिला।

अफगानिस्तान की पारी की खराब शुरुआत

टॉस जीतकर पहले खेलने उतरी अफगानिस्तान की शुरुआत धीमी थी और भारतीय तेज गेंदबाजों ने कसी शुरुआत की। 7वें ओवर में अफगानिस्तान की टीम को 29 रन पर अबिदुल्लाह नादरजान के रूप में पहला झटका लगा और इशान सूद को सफलता मिली। उन्होंने 23 गेंद पर 14 रन बनाए। इसके बाद फरीदुल्लाह इहसास भी खास योगदान नहीं दे पाए और 13 के स्कोर पर काव्य पटेल ने उन्हें बोल्ड कर दिया। सुभान जखैल ने विकेटकीपर बैटर नोमान सलारजई का साथ दिया और दोनों ने 35 रन भी जोड़े। फिर उपकप्तान यशबर्धन चौहान ने साझेदारी को बड़ी नहीं होने दिया और जखैल को बोल्ड कर दिया। इसके बाद शाह फैसल रहीमी ने चौथे विकेट के लिए नोमान के साथ 57 रन जोड़े। नोमान सलारजई 51 रन बनाकर अर्जुन राजपूत का शिकार बने।

3 रन में गंवाए 3 अहम विकेट

143 रन पर तीन विकेट के बाद देखते ही देखते 3 रन पर अफगान टीम ने तीन विकेट और गंवा दिए। स्कोर 146 रन पर 6 विकेट हो गया। फिर कप्तान सोहेल ने शाह फैसल का साथ निभाया। दोनों ने 7वें विकेट के लिए 60 रनों की उपयोगी साझेदारी की और टीम का स्कोर 200 पार पहुंचाया। शाह फैसल ने भी इशान का शिकार बनने से पहले 51 रन बनाए। कप्तान सोहेल खान ने नाबाद रहते हुए 44 गेंद पर 36 रन की पारी खेली।

सेमीफाइनल मुकाबले के लिए दोनों टीमों की प्लेइंग 11

इंडिया अंडर 19: लक्ष्य राजेश रायचंदानी (कप्तान), आर्यवीर सहवाग, वीके विनीत, अर्जुन राजपूत, यशबर्धन चौहान, अन्वय द्रविड़ (विकेटकीपर), मनल चौहान, मोहित उल्वा, आर्यन सवसानी, काव्या पटेल, इशान सूद।

अफगानिस्तान अंडर 19: अबिदुल्लाह नादरजान, फरीदुल्लाह इहसास, सुभान जखैल, नोमान सलारजई (विकेटकीपर), शाह फैसल रहीमी, ताहिर सरवरी, अमीर हमजा, सोहेल खान (कप्तान), मोहम्मद अली, नूर अली नियाजी, बिलाल सलीमनखिल।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here