नई दिल्ली : भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम ने एशियन गेम्स 2026 के फाइनल में पाकिस्तान को 19 रन से हराकर स्वर्ण पदक अपने नाम कर लिया। इस जीत के साथ टीम इंडिया ने एक बार फिर खिताबी मुकाबले में पाकिस्तान को मात दी। 5 या उससे अधिक टीमों वाले टूर्नामेंट के फाइनल मुकाबलों की बात करें तो भारत और पाकिस्तान के बीच अब तक 7 खिताबी मुकाबले खेले गए हैं, जिनमें भारतीय टीम ने 4 बार जीत दर्ज की है। एशियन गेम्स का यह फाइनल भी भारत की जीत की इसी कड़ी में जुड़ गया।
एशियन गेम्स 2026 के फाइनल की बात करें तो भारतीय टीम ने पहले खेलते हुए 211 रन बनाए थे। जवाब में पाकिस्तान की टीम 192 रन ही बना पाई। टीम इंडिया ने इसी के साथ एशियाई खेलों में अपना गोल्ड मेडल डिफेंड कर लिया। इस मुकाबले के बाद आईसीसी चेयरमैन जय शाह ने मेडल बांटे। वहीं अगर पांच प्लस देशों वाले टूर्नामेंट की बात करें तो, एशियन गेम्स से पहले भारतीय टीम एशिया कप, टी20 वर्ल्ड कप जैसे फाइनल मुकाबलों में पाकिस्तान को मात देकर चैंपियन बन चुकी है। वहीं तीन मौकों पर भारत को पाकिस्तान से हार भी झेलनी पड़ी।
भारत बनाम पाकिस्तान फाइनल मैचों के नतीजे (5 प्लस टीमों के टूर्नामेंट)
| प्रतियोगिता / वर्ष | विजेता | जीत का अंतर | स्थान |
|---|---|---|---|
| Benson and Hedges World Championship 1984/85 | भारत | 8 विकेट | मेलबर्न |
| Austral-Asia Cup 1986 | पाकिस्तान | 1 विकेट, अंतिम गेंद पर | शारजाह |
| Austral-Asia Cup 1994 | पाकिस्तान | 39 रन | शारजाह |
| T20 विश्व कप 2007 | भारत | 5 रन | जोहान्सबर्ग |
| ICC चैंपियंस ट्रॉफी 2017 | पाकिस्तान | 180 रन | द ओवल |
| एशिया कप 2025 | भारत | 5 विकेट | दुबई |
| एशियन गेम्स 2026 | भारत | 19 रन | निशिन (जापान) |
भारत-पाकिस्तान फाइनल: मैच के बड़े पल और जीत की पूरी कहानी
भारतीय कप्तान श्रेयस अय्यर ने इस मैच में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया था। पहले खेलते हुए भारतीय टीम ने 20 ओवर में 6 विकेट पर 211 रन बनाए थे। अभिषेक शर्मा ने भी 28 गेंद पर 61 और तिलक वर्मा ने 22 गेंद पर नाबाद 51 रन बनाए। वैभव सूर्यवंशी 9 गेंद पर सिर्फ 15 रन ही बना पाए। अंत में शिवम दुबे ने 15 गेंद पर 27 रन बनाते हुए स्कोर 200 पार पहुंचाने में मदद की।
212 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तानी टीम की शुरुआत ठीक थी लेकिन कप्तान साहिबजादा फरहान के विकेट के बाद 39 रन पर तीन विकेट गिर गए। फिर 95 रन की पारी खेलने वाले हसन नवाज ने एक छोर संभाला और चौथे विकेट के लिए सईम अयूब के साथ 87 रन जोड़े। इसके बाद पाकिस्तान की टीम 20 ओवर में 6 विकेट पर 192 रन बनाए।


