भारत-पाकिस्तान मैच की टिकटें नहीं बिक रहीं: स्टार खिलाड़ियों की गैरमौजूदगी और महंगे दाम से फैंस का उत्साह कम

0

सिंगल टिकट फॉर्मेट के बावजूद ऊपरी स्टैंड खाली, सोशल मीडिया पर बॉयकॉट मुहिम का असर

दुबई. एशिया कप 2025 का सबसे बड़ा मुकाबला भारत और पाकिस्तान के बीच 14 सितंबर को खेला जाना है। आमतौर पर इस मैच की टिकटें घंटों में खत्म हो जाती हैं, लेकिन इस बार हालात बिल्कुल अलग हैं। आयोजकों ने पहले पैकेज फॉर्मेट में टिकटें बेचीं, जिसमें एक साथ सात मैचों की टिकट लेनी पड़ती थी। बिक्री कम होने पर सिंगल टिकट फॉर्मेट शुरू किया गया, फिर भी ऊपरी और टॉप-टियर स्टैंड्स की सीटें अभी तक खाली हैं। एमिरेट्स क्रिकेट के एक अधिकारी ने भी माना कि टिकट बिक्री उम्मीद के मुताबिक नहीं हो रही है।

स्टार पावर की कमी

इस बार मैच का रोमांच इसलिए भी कम है क्योंकि भारत और पाकिस्तान दोनों ही टीमों के बड़े खिलाड़ी उपलब्ध नहीं हैं। भारत की ओर से रोहित शर्मा और विराट कोहली पिछले साल टी-20 वर्ल्ड कप जीतने के बाद इस फॉर्मेट से संन्यास ले चुके हैं। पाकिस्तान की टीम में भी बाबर आजम और मोहम्मद रिजवान जैसे खिलाड़ी शामिल नहीं हैं। दोनों ओर से स्टार पावर की कमी ने इस मैच के आकर्षण को कम कर दिया है।

राजनीतिक तनाव और बॉयकॉट मुहिम

टिकट बिक्री पर असर डालने वाली एक और वजह है भारत-पाकिस्तान के बीच बढ़ा राजनीतिक तनाव। अप्रैल 2025 में पहलगाम आतंकी हमले के बाद सोशल मीडिया पर कई प्रशंसकों ने टूर्नामेंट के बहिष्कार की मांग की थी। कुछ फैंस का कहना है कि भारत को पाकिस्तान के खिलाफ खेलने से ही इनकार कर देना चाहिए। यही कारण है कि पहले जैसी दीवानगी टिकट खिड़कियों पर नजर नहीं आ रही।

टिकटों की बढ़ी कीमत

फैंस के लिए टिकटों की कीमत भी बड़ी समस्या बनी है। पैकेज की दरें 2.57 लाख रुपये तक पहुंच गई हैं, जिसमें सीटिंग, अनलिमिटेड खाना-पीना और वीआईपी सुविधाएं शामिल हैं। रॉयल बॉक्स 2.30 लाख, स्काई बॉक्स ईस्ट 1.67 लाख, प्लैटिनम 75 हजार और ग्रैंड लाउंज 41 हजार रुपये में उपलब्ध हैं। यहां तक कि सबसे सस्ता जनरल ईस्ट स्टैंड भी करीब 10 हजार रुपये (दो सीटों के लिए) है। इतने महंगे टिकट आम प्रशंसकों की पहुंच से बाहर हैं।

आगे तीन बार भिड़ सकते हैं भारत-पाक

हालांकि टिकट बिक्री धीमी है, लेकिन दोनों टीमों के बीच मुकाबलों को लेकर दिलचस्पी बनी हुई है। भारत और पाकिस्तान एक ही ग्रुप में हैं और 14 सितंबर के बाद भी इनके बीच दो और मैच होने की संभावना है। अगर दोनों टीमें सुपर-4 में पहुंचती हैं तो वे 21 सितंबर को फिर आमने-सामने होंगी। इसके अलावा, अगर दोनों फाइनल तक का सफर तय करती हैं तो 28 सितंबर को तीसरी भिड़ंत भी हो सकती है। यानी दर्शकों को इस महीने भारत-पाक की तीन भिड़ंत देखने को मिल सकती है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here