भारत की नजर WTC ट्रॉफी पर, जसप्रीत बुमराह को हर मुकाबले में मौका देने की रणनीति

0

नई दिल्ली : टी20 वर्ल्ड कप 2026 जीतने के बाद भारतीय टीम की निगाहें अब 2027 में होने वाले World Test Championship Final और ICC Cricket World Cup पर टिक गई हैं। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड के चयनकर्ताओं ने इन दोनों बड़े टूर्नामेंट्स के लिए अभी से रणनीति बनानी शुरू कर दी है। इस बीच सबसे ज्यादा चिंता जसप्रीत बुमराह के वर्कलोड मैनेजमेंट को लेकर हो रही है। 32 वर्षीय बुमराह का अनोखा बॉलिंग एक्शन उनकी प्रभावशीलता तो बढ़ाता है, लेकिन इसी वजह से उनके शरीर पर अतिरिक्त दबाव भी पड़ता है, जिसे ध्यान में रखते हुए बोर्ड संतुलित प्लान तैयार करने में जुटा है।

टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के अनुसार बीसीसीआई चाहता है कि जसप्रीत बुमराह डब्ल्यूटीसी

2025-27 में बाकी सभी 9 टेस्ट खेलें। भारत को 6 जून से चंडीगढ़ में अफगानिस्तान के खिलाफ एक टेस्ट मैच खेलना है,जो डब्ल्यूटीसी का हिस्सा नहीं है। इसके बाद श्रीलंका और न्यूजीलैंड में 2-2 मैचों की टेस्ट सीरीज होनी है। इसके बाद अगले साल जनवरी में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ घरेलू सरजमीं पर बॉर्डर-गावस्कर टेस्ट सीरीज खेलनी है। भारत फिलहाल डब्ल्यूटीसी रैंकिंग में छठे नंबर पर है।

हर टेस्ट में खेलने के लिए जसप्रीत बुमराह को फिट रखने पर फोकस

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, ‘बुमराह को हर टेस्ट मैच खेलने के लिए फिट रखने की कोशिश है। उम्मीद है कि वह श्रीलंका और न्यूजीलैंड में चार टेस्ट मैच खेलेंगे। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 5 टेस्ट के लिए उन्हें फिट रखना चुनौती होगी। चयनकर्ताओं को कुछ वनडे सीरीज से उन्हें आराम देने में कोई दिक्कत नहीं होगी। वह दो साल के अंतराल के बाद पिछले साल सितंबर में एशिया कप के दौरान टी20 क्रिकेट खेले। इसके बाद भी शानदार प्रदर्शन किया।’

बुमराह होंगे अहम

बुमराह पिछले सत्र में चार टेस्ट भी खेले थे। आने वाले सत्रे में वह बहुत कम टी20 मैच खेलेंगे क्योंकि टी20 वर्ल्ड कप दो साल बाद होना है। अगर भारत को डब्ल्यूटीसी फाइनल में पहुंचना है तो बुमराह भारतीय हालात में भी अहम खिलाड़ी होंगे। गौतम गंभीर के हेड कोच बनने के बाद से भारत फाइनल में पहुंचने में नाकाम रहा है। टीम को न्यूजीलैंड और साउथ अफ्रीका ने घर में बुरी तरह हराया।

अफगानिस्तान टेस्ट पर जसप्रीत बुमराह के वर्कलोड को देखते हुए होगा अंतिम फैसला

चयनकर्ताओं ने साफ संदेश दिया है कि फिट रहने की स्थिति में सभी प्रमुख खिलाड़ी टेस्ट मैचों के लिए उपलब्ध रहें। अफगानिस्तान के खिलाफ प्रस्तावित टेस्ट को लेकर अंतिम फैसला आईपीएल के अंत में खिलाड़ियों के वर्कलोड का आकलन करने के बाद लिया जाएगा। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड टेस्ट क्रिकेट को पूरी गंभीरता से लेने की योजना बना रहा है। भले ही यह मुकाबला World Test Championship का हिस्सा न हो, लेकिन मैच प्रैक्टिस के लिहाज से इसे अहम माना जा रहा है। ऐसे में शीर्ष खिलाड़ियों की फिटनेस और फॉर्म का मूल्यांकन करने के बाद ही उनके खेलने पर अंतिम निर्णय लिया जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here