गुवाहाटी टेस्ट की करारी हार से भारत को भारी झटका, पाकिस्तान से नीचे फिसली टीम इंडिया; देखें पूरी अंकतालिका

0

नई दिल्ली: भारतीय टीम को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ दो मैचों की टेस्ट सीरीज़ में करारी शिकस्त झेलनी पड़ी है। कोलकाता टेस्ट में हार के बाद गुवाहाटी में टीम इंडिया की स्थिति और खराब हो गई। इस मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका ने मेजबान भारत को 408 रन के बड़े अंतर से हराया। इस हार का असर विश्व टेस्ट चैंपियनशिप 2025-27 की अंक तालिका पर भी स्पष्ट दिखा, जहां टीम इंडिया की रैंकिंग में भारी गिरावट आई है। इतना ही नहीं, ताज़ा अपडेट के अनुसार भारत इस हार के बाद पाकिस्तान से भी नीचे खिसक गया है।

दो बार की विश्व टेस्ट चैंपियनशिप की रनर अप भारतीय टीम की मौजूदा साइकिल में यह चौथी टेस्ट हार थी। जबकि भारत ने कुल 9 मुकाबले खेले हैं और उसका विनिंग पर्सेंट अब 50 से भी नीचे आ गया है। वहीं पाकिस्तान का विनिंग पर्सेंट अब भारत से ज्यादा है। भारतीय टीम अब ताजा अंक तालिका में चौथे से पांचवें स्थान पर खिसक गई है। जबकि भारत की इस हार से फायदा पाकिस्तान को हुआ है। पाकिस्तान की टीम अब चौथे स्थान पर आ गई है।

विश्व चैंपियन साउथ अफ्रीका की तीसरी धमाकेदार जीत

साउथ अफ्रीका की बात करें तो इस सीरीज में चार मैचों में से यह उनकी तीसरी जीत रही। अफ्रीकी टीम को इस दौरान केवल पाकिस्तान के खिलाफ पिछली सीरीज में हार का सामना करना पड़ा। अंक तालिका में ऑस्ट्रेलिया ने चार में से चार मैच जीतकर टॉप स्थान हासिल किया है, जबकि साउथ अफ्रीका तीन जीत के साथ दूसरे स्थान पर है। कंगारू टीम का जीत का प्रतिशत 100 है, वहीं साउथ अफ्रीका का जीत प्रतिशत 75 प्रतिशत दर्ज किया गया है।

पोजीशन टीम खेले जीते हारे ड्रॉ पेनल्टी पॉइंट्स पर्सेंट
1 ऑस्ट्रेलिया 4 4 0 0 0 48 100.00
2 दक्षिण अफ्रीका 4 3 1 0 0 36 75.00
3 श्रीलंका 2 1 0 1 0 16 66.67
4 पाकिस्तान 2 1 1 0 0 12 50.00
5 भारत 9 4 4 1 0 52 48.15
6 इंग्लैंड 6 2 3 1 2 26 36.11
7 बांग्लादेश 2 0 1 1 0 4 16.67
8 वेस्ट इंडीज 5 0 5 0 0 0 0.00
9 न्यूजीलैंड 0 0 0 0 0 0 0.00

तीसरे स्थान पर मौजूद है श्रीलंका की टीम जिसने दो मैच खेले हैं और एक जीता है व एक ड्रॉ हुआ है। श्रीलंका का विनिंग पर्सेंट 66.67 प्रतिशत है। चौथे पर अब पाकिस्तान आ चुका है। भारत पांचवें स्थान पर है। वहीं ऑस्ट्रेलिया से पहला एशेज टेस्ट हारने वाली इंग्लैंड की टीम 36.11 विनिंग पर्सेंट के साथ छठे स्थान पर है। बांग्लादेश इस अंकतालिका में सातवें स्थान पर है, जबकि वेस्टइंडीज आठवें स्थान पर है। न्यूजीलैंड नौवें स्थान पर है और उसे इस साइकिल में अभी अपना पहला मैच खेलना बाकी है। भारत अगले 6-7 महीनों तक कोई टेस्ट मुकाबला नहीं खेलेगा, इसलिए आने वाले समय में टीम की रैंकिंग में और बदलाव देखने को मिल सकते हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here