स्मृति मंधाना के पिता अस्पताल से डिस्चार्ज, पलाश मुच्छल संग शादी पर क्या है ताज़ा अपडेट?

0

नई दिल्ली: भारतीय महिला क्रिकेटर स्मृति मंधाना और संगीतकार पलाश मुच्छल की शादी को लेकर पिछले 48 घंटों से लगातार चर्चा बनी हुई है। बताया जा रहा है कि स्मृति के पिता श्रीनिवास मंधाना को अचानक हार्ट-रिलेटेड परेशानी होने के बाद शादी स्थगित करनी पड़ी और उन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालांकि, अब ताज़ा अपडेट यह है कि डॉक्टरों की निगरानी में उपचार के बाद स्मृति के पिता को अस्पताल से छुट्टी मिल गई है, जिससे दोनों परिवारों ने राहत की सांस ली है।

विभिन्न मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, मंगलवार को श्रीनिवास मंधाना को अस्पताल से छुट्टी मिल गई और डॉक्टरों ने पुष्टि की है कि वे अब पूरी तरह सुरक्षित हैं। उनकी एंजियोग्राफी रिपोर्ट भी सामान्य आई है, जिसमें हार्ट में किसी प्रकार का ब्लॉकेज नहीं पाया गया। बता दें कि 23 नवंबर को स्मृति मंधाना और पलाश मुच्छल की शादी होनी थी, लेकिन स्मृति के पिता की अचानक तबीयत बिगड़ने के कारण समारोह फिलहाल टाल दिया गया था। तबीयत खराब होने के बाद उन्हें तुरंत सांगली के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

क्या अब होगी स्मृति–पलाश की शादी?

रिपोर्ट्स में यह पुष्टि हो चुकी है कि स्मृति मंधाना के पिता को अस्पताल से छुट्टी मिल गई है, लेकिन इसके बावजूद दोनों परिवारों की ओर से शादी की नई तारीख को लेकर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। फिलहाल विवाह समारोह को रोक कर ही रखा गया है। अब सभी की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि परिवार कब हालात सामान्य मानते हुए नई तारीख का ऐलान करते हैं।

वायरल चैट ने मचाया हंगामा

दरअसल मंगलवार को पूरे दिन एक ही मुद्दा चर्चा में रहा—सोशल मीडिया पर म्यूजिक डायरेक्टर पलाश मुच्छल पर स्मृति मंधाना के साथ धोखा करने जैसी अफवाहें जमकर फैलती रहीं। यह विवाद तब भड़का जब एक कथित चैट वायरल हुई, जिसमें दावा किया गया कि पलाश और एक कोरियोग्राफर के बीच निजी बातचीत हुई थी। हालांकि इन स्क्रीनशॉट्स की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन इसके बावजूद सोशल मीडिया पर बिना सत्यापन के तरह-तरह की बातें सामने आती रहीं और पूरा मामला एक तरह के ऑनलाइन ट्रायल में बदल गया।

हालांकि, पलाश मुच्छल की मां ने साफ किया था कि स्मृति के पिता श्रीनिवास मंधाना और पलाश के बीच बेहद गहरा रिश्ता था। इसी वजह से जब स्मृति के पिता की तबीयत अचानक बिगड़ी, तो पलाश भी भावनात्मक रूप से टूट गए और तनाव के कारण उनकी सेहत पर असर पड़ा, जिसके चलते उन्हें भी अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। फिलहाल इस पूरे मामले को लेकर सोशल मीडिया और न्यूज़ वर्ल्ड में कई तरह की नई-नई थ्योरी और अफवाहें फैल रही हैं, लेकिन इनमें से किसी की भी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। दोनों परिवारों की ओर से किसी भी तरह की औपचारिक प्रतिक्रिया का इंतज़ार है, ताकि स्थिति को लेकर वास्तविक तस्वीर सामने आ सके।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here