काकामिगाहारा (जापान)/भोपाल. भारत की अंडर-18 पुरुष और महिला हॉकी टीमें जापान के काकामिगाहारा में आयोजित होने वाले अंडर-18 एशिया कप 2026 में अपने अभियान की शुरुआत करने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। 29 मई से 6 जून तक चलने वाले इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट में एशिया की उभरती हुई युवा प्रतिभाएं हिस्सा लेंगी। भारतीय टीमों ने भोपाल स्थित भारतीय खेल प्राधिकरण (SAI) केंद्र में लंबा प्रशिक्षण शिविर लगाकर और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अभ्यास मुकाबले खेलकर अपनी तैयारियों को अंतिम रूप दिया है।
भारतीय पुरुष टीम की कमान फारवर्ड खिलाड़ी केतन कुशवाहा के हाथों में है। टीम ने भोपाल के उदव दास मेहता (भाईजी) केंद्रीय केंद्र में करीब एक माह तक सरदार सिंह और रजनीश मिश्रा के मार्गदर्शन में प्रशिक्षण लिया। तैयारी के दौरान भारत ने ऑस्ट्रेलिया अंडर-18 टीम के खिलाफ चार मैचों की श्रृंखला खेली, जिसमें एक मुकाबले में जीत हासिल की, एक मैच गंवाया जबकि दो मुकाबले ड्रॉ रहे। इस सीरीज ने खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर का अनुभव दिया।
पुरुष वर्ग में भारत को पूल-ए में मेजबान जापान, कोरिया, चीनी ताइपे और कजाखस्तान के साथ रखा गया है। भारतीय टीम अपना पहला मुकाबला 29 मई को कजाखस्तान के खिलाफ खेलेगी। इसके बाद 31 मई को जापान, 1 जून को कोरिया और 3 जून को चीनी ताइपे से मुकाबला होगा। पूल-बी में मलेशिया, पाकिस्तान, बांग्लादेश और चीन की टीमें शामिल हैं। दोनों पूल से शीर्ष दो टीमें सेमीफाइनल में पहुंचेंगी।
टीम कप्तान केतन कुशवाहा ने कहा कि भोपाल में हुए कैंप और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेले गए मैचों से टीम को काफी फायदा मिला है। खिलाड़ियों में आत्मविश्वास है और सभी देश के लिए बेहतर प्रदर्शन करने को उत्साहित हैं। वहीं भारतीय महिला टीम की कप्तानी स्वीटी कुजूर कर रही हैं। टीम ने भोपाल में पूर्व भारतीय कप्तान और कोच रानी के निर्देशन में गहन प्रशिक्षण लिया। कैंप में फिटनेस, टीम संयोजन और रणनीति पर विशेष ध्यान दिया गया। महिला टीम ने भी ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ चार मैचों की सीरीज खेली और अंतिम मुकाबले में शानदार जीत दर्ज कर आत्मविश्वास हासिल किया।
महिला वर्ग में भारत को पूल-ए में मलेशिया, कोरिया और सिंगापुर के साथ रखा गया है। भारतीय महिला टीम 30 मई को मलेशिया के खिलाफ अपने अभियान की शुरुआत करेगी। इसके बाद 31 मई को कोरिया और 2 जून को सिंगापुर से मुकाबला होगा। पूल-बी में चीन, जापान, चीनी ताइपे और बांग्लादेश शामिल हैं। महिला टीम की कप्तान स्वीटी कुजूर ने कहा कि पूरी टीम एशिया कप खेलने को लेकर बेहद उत्साहित है। उन्होंने कहा कि कैंप और अभ्यास मैचों से टीम की समझ और तालमेल बेहतर हुआ है तथा सभी खिलाड़ी अच्छा प्रदर्शन करने के लिए तैयार हैं। टूर्नामेंट के सेमीफाइनल मुकाबले 5 जून को और फाइनल 6 जून को खेले जाएंगे। भारतीय हॉकी प्रेमियों को उम्मीद है कि दोनों टीमें एशियाई मंच पर दमदार प्रदर्शन कर देश को गौरवान्वित करेंगी।

Photo Credits: Kindly credit images to Hockey India


