भारत-पाकिस्तान फाइनल: हार्दिक की जगह खेल सकते हैं अर्शदीप

0

दुबई। एशिया कप के इतिहास में पहली बार भारत और पाकिस्तान रविवार को फाइनल में आमने-सामने होंगे। दोनों टीमों की गेंदबाज़ी शानदार रही है, लेकिन बल्लेबाज़ों की फॉर्म को लेकर चिंता बनी हुई है। पाकिस्तान ने लगातार दो मैच जीतकर फाइनल तक का सफर तय किया और ऐसे में उनकी प्लेइंग इलेवन में बदलाव की संभावना बेहद कम है। सलामी बल्लेबाज़ सैम अयूब और साहिबज़ादा फ़रहान से टीम को तेज शुरुआत की उम्मीद होगी, वहीं फ़ख़र ज़मान और कप्तान आगा सलमान पर बड़ी जिम्मेदारी होगी। गेंदबाज़ी विभाग में शाहीन अफ़रीदी और हारिस रउफ़ की जोड़ी विपक्षी बल्लेबाज़ों के लिए खतरा बन सकती है।

भारत की टीम में कुछ अहम बदलाव देखने को मिल सकते हैं। जसप्रीत बुमराह और शिवम दुबे की वापसी लगभग तय है। वहीं, ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या चोट के चलते फाइनल से बाहर हो सकते हैं। उनकी जगह अर्शदीप सिंह को शामिल किए जाने की संभावना है। कप्तान सूर्यकुमार यादव पूरे टूर्नामेंट में रन बनाने के लिए जूझते रहे हैं, लेकिन फाइनल में उनसे टीम को एक बड़ी पारी की उम्मीद रहेगी। वहीं, शुभमन गिल और अभिषेक शर्मा पर अच्छी शुरुआत देने की जिम्मेदारी होगी, जबकि मध्यक्रम में संजू सैमसन और तिलक वर्मा अहम भूमिका निभा सकते हैं।

दुबई की पिच पर शुरुआती ओवरों में स्विंग देखने को मिलती है, लेकिन जैसे-जैसे खेल आगे बढ़ता है, बल्लेबाज़ों के लिए रन बनाना आसान हो जाता है। यहां का औसत स्कोर 160 से 170 के बीच रहता है। दूसरी पारी में ओस का असर भी देखा जा सकता है, जिससे बल्लेबाज़ी और सहज हो जाती है। ऐसे में टॉस जीतने वाली टीम गेंदबाज़ी का फैसला कर सकती है। मौसम गर्म रहने की संभावना है, जो खिलाड़ियों की फिटनेस की परीक्षा भी लेगा। इस ऐतिहासिक फाइनल पर दुनिया भर के क्रिकेट प्रेमियों की नज़रें टिकी हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here