आखिरी जंग के लिए तैयार भारत-पाकिस्तान, पहली बार एशिया कप फाइनल में भिड़ंत

0

दुबई। एशिया कप 2025 का फाइनल मुकाबला रविवार को भारत और पाकिस्तान के बीच दुबई में खेला जाएगा। टूर्नामेंट के 41 साल के इतिहास में यह पहली बार है जब दोनों टीमें फाइनल में आमने-सामने होंगी। भारतीय टीम की कमान सूर्यकुमार यादव के हाथों में है, जिसने सुपर-4 के सभी मुकाबले जीतकर फाइनल में प्रवेश किया। दूसरी ओर, आगा सलमान की अगुवाई वाली पाकिस्तान टीम को सुपर-4 में दो मैचों में जीत और एक में हार मिली। दोनों टीमों के लिए यह मुकाबला न सिर्फ खिताब जीतने का, बल्कि लंबे समय से चली आ रही प्रतिद्वंद्विता में अपनी श्रेष्ठता साबित करने का भी होगा।

भारत और पाकिस्तान के बीच अब तक कुल 15 टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेले गए हैं, जिनमें भारतीय टीम का पलड़ा भारी रहा है। भारत ने इनमें से 12 मैच जीते हैं, जबकि पाकिस्तान सिर्फ तीन मैच ही जीत पाया है। हालिया आंकड़े भी पाकिस्तान के लिए चिंता बढ़ाने वाले हैं, क्योंकि दोनों टीमों के बीच खेले गए पिछले पांच मुकाबलों में भारत ने हर बार जीत दर्ज की है। ऐसे में दबाव पाकिस्तान पर होगा, जबकि भारत आत्मविश्वास के साथ मैदान में उतरेगा।

खिलाड़ियों के प्रदर्शन की बात करें तो भारत के युवा सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा इस टूर्नामेंट में अब तक 309 रन बना चुके हैं, वह भी 204.63 की शानदार स्ट्राइक रेट से। शुभमन गिल ने छह मैचों में 115 रन जोड़े हैं। पाकिस्तान के लिए साहिबज़ादा फ़रहान ने 146 रन बनाए हैं, हालांकि उनकी औसत सिर्फ 26.66 रही है। गेंदबाजी में भारत के कुलदीप यादव अब तक 13 विकेट झटक चुके हैं और पाकिस्तान के शाहीन शाह अफ़रीदी ने नौ विकेट अपने नाम किए हैं। ऐसे में फाइनल मुकाबले में इन खिलाड़ियों का प्रदर्शन नतीजे पर बड़ा असर डाल सकता है। क्रिकेट प्रेमियों की निगाहें इस ऐतिहासिक जंग पर टिकी हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here