भारत ने इंडोनेशिया पर बरपाया कहर, 14-0 की जीत; प्रभदीप सिंह के 5 गोल और अनमोल-अजीत की हैट्रिक

0

नई दिल्ली : भारत की जूनियर पुरुष हॉकी टीम ने चीन के मोकी में खेले जा रहे एएचएफ जूनियर एशिया कप 2026 में शानदार आगाज किया। ग्रुप-ए के अपने पहले मुकाबले में भारत ने इंडोनेशिया को 14-0 के बड़े अंतर से हराकर धमाकेदार शुरुआत की। इस मुकाबले में कप्तान अनमोल एक्का, प्रभदीप सिंह और अजीत यादव ने शानदार प्रदर्शन किया। प्रभदीप सिंह भारत की ओर से सबसे ज्यादा गोल करने वाले खिलाड़ी रहे और उन्होंने 5 गोल दागे। वहीं, कप्तान अनमोल एक्का ने 4 और अजीत यादव ने 3 गोल करते हुए टीम की बड़ी जीत में अहम योगदान दिया।

इंडोनेशिया पर भारत की 14-0 की धमाकेदार जीत

प्रभदीप सिंह ने इंडोनेशिया के खिलाफ शानदार प्रदर्शन करते हुए 5 गोल दागे और उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। वहीं, कप्तान अनमोल एक्का ने 4 गोल किए, जबकि अजीत यादव ने हैट्रिक लगाते हुए 3 गोल अपने नाम किए। हरपाल और आशु मौर्य ने एक-एक गोल किया। पूरे मुकाबले में भारत ने लगातार आक्रामक खेल दिखाते हुए इंडोनेशिया पर दबाव बनाए रखा। टीम ने मैच की शुरुआत तेज अंदाज में की और पांचवें मिनट में ही प्रभदीप ने गोल करके भारत को शुरुआती बढ़त दिला दी। इसके बाद आठवें मिनट में हरपाल ने गोल कर बढ़त को 2-0 कर दिया। भारतीय खिलाड़ियों की तेज गति, शानदार मूवमेंट और लगातार हमलों के सामने इंडोनेशियाई टीम संघर्ष करती नजर आई। पहले क्वार्टर के अंत तक भारत 2-0 की मजबूत बढ़त के साथ आगे था।

दूसरे क्वार्टर में भी भारत का प्रदर्शन शानदार रहा और अनमोल ने इस मैच का अपना पहला गोल 16वें मिनट में किया पेनल्टी स्ट्रोक के जरिए किया। चार मिनट बाद अजीत यादव ने एक और गोल करके स्कोर 4-0 कर दिया। इसके बाद प्रभदीप ने 26वें और 30वें मिनट में गोल करके अपनी हैट्रिक पूरी की और हाफ-टाइम तक भारत को 6-0 की मजबूत बढ़त दिला दी। तीसरे क्वार्टर में भी भारत का दबदबा पूरी तरह से कामय रहा और अनमोल ने शानदार खेल दिखाया और 35वें व 42वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर अपनी कुल गोल संख्या में दो और गोल जोड़े। इसके बाद तीसरे क्वार्टर के खत्म होने से ठीक पहले प्रभदीप ने एक और गोल किया जिससे स्कोर 9-0 हो गया।

मैच का आखिरी क्वार्टर भारत के लिए सबसे ज्यादा गोल वाला रहा, जिसमें टीम ने 5 गोल दागे। अनमोल एक्का ने 51वें मिनट में अपना चौथा गोल पूरा किया, जबकि इसके ठीक एक मिनट बाद प्रभदीप सिंह ने मैच का पांचवां गोल कर दिया। इसके बाद अजीत यादव ने 53वें मिनट में लगातार दो गोल करते हुए अपनी हैट्रिक पूरी की और भारत की बढ़त 13-0 हो गई। 59वें मिनट में आशु मौर्य ने पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर स्कोर 14-0 कर दिया और भारत की बड़ी जीत पर मुहर लगा दी। भारत ने इस मुकाबले में 9 फील्ड गोल के अलावा 4 पेनल्टी कॉर्नर और 1 पेनल्टी स्ट्रोक से गोल किए। अनमोल ने 3 पेनल्टी कॉर्नर और पेनल्टी स्ट्रोक को गोल में बदला, जबकि मौर्य ने चौथे पेनल्टी कॉर्नर से गोल किया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here