पाकिस्तान पर शानदार जीत के बाद भारतीय कप्तान का बयान, बेखौफ खेल दिखाने से हैं खुश

0

नई दिल्ली: दुबई में खेले जा रहे महिला टी20 एशिया कप 2026 में 5 सितंबर को भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने ग्रुप-ए में अपना आखिरी मुकाबला चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तानी टीम के खिलाफ खेला जिसको वह एकतरफा अंदाज में 7 विकेट से जीतने में कामयाब रहीं। इस मैच में भारतीय महिला टीम ने पहले गेंदबाजी करते पाकिस्तान की पारी को सिर्फ 55 रनों पर समेट दिया जिसमें श्री चरणी और प्रेमा रावत ने 3-3 विकेट हासिल किए। वहीं टारगेट का पीछा टीम इंडिया ने सिर्फ 8.3 ओवर्स में करते हुए मुकाबला अपने नाम किया। टीम इंडिया जो पहले ही शुरुआती 2 मुकाबले जीतकर सेमीफाइनल के लिए अपनी टिकट हासिल कर चुकी थी, उसके लिए यह जीत आत्मविश्वास को और अधिक बढ़ाने वाली रही जिसमें कप्तान हरमनप्रीत कौर का भी मुकाबले के बाद बड़ा बयान सामने आया।

पाकिस्तान के खिलाफ भारतीय महिला टीम का मैदान पर अब तक काफी शानदार रिकॉर्ड देखने को मिला है, जिसको वह एशिया कप में भी बरकरार रखे हुए हैं। टीम इंडिया की कप्तान हरमनप्रीत कौर ने पाकिस्तानी टीम के खिलाफ मिली दुबई के मैदान पर जीत के बाद जहां अपनी खुशी को जाहिर किया तो वहीं उन्होंने यह भी खुलासा किया कि जिस तरह से मुकाबले में खेलने को लेकर प्लानिंग की गई थी सभी ने वैसा ही खेल दिखाया। हरमनप्रीत कौर ने पोस्ट मैच प्रेजेंटेशन में कहा कि हमारे लिए यह मैच बहुत जरूरी था और आज पूरी टीम ने जैसा खेल दिखाया, उससे मैं बहुत खुश हूं। हम हमेशा आक्रामक खेल दिखाने की बात करते हैं और जिस तरह से हमने खेला, उससे मैं वाकई खुश हूं। सभी गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया जिसमें वह अपने प्लान पर टिके रहीं, उसी के हिसाब से बॉलिंग की और पिच को बहुत अच्छे से समझा। मुझे लगता है कि यही सबसे जरूरी है कि पिच को समझना और फिर उसी के हिसाब से अपने प्लान को लागू करना।

टीम इंडिया ने ग्रुप स्टेज में बिना कोई मैच गंवाए सेमीफाइनल में पहुंची है, जिसको लेकर कप्तान हरमनप्रीत कौर ने आगे कहा कि यह हमारे लिए काफी जरूरी था क्योंकि इससे हमारे स्टैंडर्ड ऊंचे बने रहते हैं। हम जानते हैं कि जब हम मैदान पर उतरते हैं तो यह टीम क्या कर सकती है। मैं बहुत खुश हूं कि हर कोई आगे आ रहा है और अच्छा प्रदर्शन कर रहा है। अब दो और मैच बचे हैं, उम्मीद है कि हम अपना बेस्ट क्रिकेट खेलते रहेंगे। भारतीय टीम अब महिला टी20 एशिया कप 2026 में अपना अगला मुकाबला ग्रुप-बी में दूसरे नंबर पर रहने वाली टीम के खिलाफ खेलेगी, जिसका फैसला अभी होना बाकी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here