नई दिल्ली। अंडर-18 एशिया कप में शानदार प्रदर्शन के बाद भारतीय सब-जूनियर पुरुष और महिला हॉकी टीमें अब 20 से 25 जुलाई तक ओमान के मस्कट में होने वाली पहली एफआईएच यूथ हॉकी5s एशियाई चैंपियनशिप 2026 में अपनी चुनौती पेश करेंगी। यह टूर्नामेंट पहली बार आयोजित हो रहे एफआईएच अंडर-18 यूथ हॉकी5s विश्व कप के लिए एशियाई क्वालिफायर भी होगा। भारतीय पुरुष टीम के मुख्य कोच सरदार सिंह हैं। उनकी टीम हाल ही में अंडर-18 पुरुष एशिया कप 2026 का खिताब जीतकर आई है, जहां उसने फाइनल में मेजबान जापान को 4-1 से हराया था। टीम को एलीट पूल में मेजबान ओमान, पाकिस्तान और बांग्लादेश के साथ रखा गया है। भारतीय पुरुष टीम 20 जुलाई को बांग्लादेश के खिलाफ अपने अभियान की शुरुआत करेगी। इसके बाद 21 जुलाई को ओमान और पाकिस्तान से भिड़ेगी। डबल राउंड-रॉबिन प्रारूप के तहत इन्हीं टीमों से 23 और 24 जुलाई को दोबारा मुकाबले होंगे। भारत और पाकिस्तान के बीच दो मुकाबले इस प्रतियोगिता के सबसे रोमांचक आकर्षण माने जा रहे हैं।
वहीं, भारतीय महिला टीम की कमान पूर्व कप्तान रानी संभाल रही हैं। अंडर-18 महिला एशिया कप में कांस्य पदक जीतने वाली टीम को एलीट पूल में चीन, कजाकिस्तान और उज्बेकिस्तान के साथ रखा गया है। भारतीय महिला टीम 20 जुलाई को कजाकिस्तान के खिलाफ अपना पहला मैच खेलेगी। इसके बाद 21 जुलाई को चीन और उज्बेकिस्तान से मुकाबला होगा। 23 और 24 जुलाई को रिटर्न मुकाबले खेले जाएंगे, जबकि वर्गीकरण और पदक मुकाबले 25 जुलाई को होंगे। एलीट पूल में सभी टीमें एक-दूसरे के खिलाफ दो-दो मैच खेलेंगी। लीग चरण के अंत में शीर्ष दो टीमें सीधे स्वर्ण पदक मुकाबले में पहुंचेंगी। तीसरे स्थान की टीम कांस्य पदक मुकाबले में खेलेगी, जबकि चौथे स्थान की टीम चैलेंजर पूल की शीर्ष टीम से क्वालीफिकेशन मैच खेलेगी।कोच सरदार सिंह ने कहा कि खिलाड़ियों ने एशिया कप में शानदार प्रदर्शन कर यह मौका हासिल किया है। हॉकी5s तेज गति वाला प्रारूप है, जिसमें त्वरित निर्णय और निरंतर आक्रामक खेल की जरूरत होती है। वहीं महिला टीम की कोच रानी ने कहा कि उनका लक्ष्य निडर हॉकी खेलते हुए विश्व कप के लिए क्वालीफाई करना और देश का नाम रोशन करना है।


