16 अगस्त से शुरू होगी भोपाल लीग फुटबॉल चैंपियनशिप, डीएफए की वार्षिक बैठक में कई अहम फैसले

0

NST News | भोपाल। जिला फुटबॉल एसोसिएशन (डीएफए) भोपाल की वार्षिक बैठक 18 जुलाई को केडीपीएस स्कूल, भोपाल में आयोजित की गई। बैठक में डीएफए के पदाधिकारियों के साथ जिले के सभी पंजीकृत फुटबॉल क्लबों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। इस दौरान जिले में फुटबॉल और फुटसल के विकास को लेकर आगामी सत्र की खेल गतिविधियों, प्रतियोगिताओं और आयोजनों की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की गई तथा कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि भोपाल की प्रतिष्ठित भोपाल लीग फुटबॉल चैंपियनशिप का आयोजन 16 अगस्त से किया जाएगा।

प्रतियोगिता के सफल संचालन के लिए पांच सदस्यीय आयोजन समिति का गठन भी किया गया। समिति में जी.के. श्रीवास्तव, अनिल तंवर, तनवीर दाद, गुरविंदर और मुनीश अग्रवाल को जिम्मेदारी सौंपी गई है।  डीएफए ने चैंपियनशिप में भाग लेने के इच्छुक क्लबों और खिलाड़ियों से 30 जुलाई तक कार्यालय में पंजीयन कराने की अपील की है। निर्धारित तिथि के बाद आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे। बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि जिले में रेफरिंग व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए 22 जुलाई से तीन दिवसीय रेफरी वर्कशॉप आयोजित की जाएगी। कार्यशाला के समापन के बाद 25 जुलाई को प्रतिभागियों की अंतिम परीक्षा होगी। सफल अभ्यर्थियों को भविष्य की जिला स्तरीय फुटबॉल प्रतियोगिताओं में रेफरी के रूप में अवसर दिया जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here