नई दिल्ली: भारतीय टीम के तेज गेंदबाज खलील अहमद अब काउंटी क्रिकेट में खेलते नजर आएंगे। उन्होंने एसेक्स के साथ करार किया है और वह इंग्लिश काउंटी चैंपियनशिप के शेष मैच और वनडे कप टूर्नामेंट में खेलेंगे। खलील ने भारत के लिए 11 वनडे और 18 टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेले हैं। वह एसेक्स के लिए यार्कशायर के खिलाफ अगले मैच के लिए उपलब्ध होंगे। 27 वर्षीय खलील छह प्रथम श्रेणी और आठ लिस्ट ए मुकाबला खेलेंगे। खलील ने कहा, मैं एसेक्स के साथ करार करके रोमांचित हूं। मैंने क्लब के समृद्ध इतिहास के बारे में बहुत कुछ सुना है और मैं इसका हिस्सा बनने के लिए उत्साहित हूं और तत्काल प्रभाव डालने की कोशिश करूंगा। मैं चेम्सफोर्ड में खेलने, एसेक्स सदस्यों और प्रशंसकों से मिलने और ऐसा प्रदर्शन करने के लिए उत्सुक हूं जिस पर वे गर्व कर सकें।
खलील हाल ही में इंग्लैंड लायंस के खिलाफ खेले गए अनौपचारिक टेस्ट मैच के लिए भारत ए टीम में शामिल थे और उन्होंने 19 ओवर में चार विकेट लिए थे। खलील ने जेम्स रेव, जॉर्ज हिल, क्रिस वोक्स और जॉर्डन कोक्स को अपना शिकार बनाया था। खलील के टीम का हिस्सा बनने पर एसेक्स के क्रिकेट निदेशक क्रिस सिलवरवुड ने कहा, हम खलील को क्लब में शामिल करके बहुत खुश हैं। हम भारत ए के लिए उनके प्रदर्शन से प्रभावित हैं और हमारा दृढ़ विश्वास है कि वह हमारे पहले से ही बहुत मजबूत सीम अटैक को और मजबूत कर सकते हैं। एसेक्स की टीम काउंटी चैंपियनशिप के डिविजन एक में आठ मैचों में एक जीत के साथ आठवें स्थान पर है। खलील से पहले भी कई भारतीय क्रिकेटर काउंटी चैंपियनशिप में खेलने के लिए करार कर चुके हैं। ईशान किशन (नॉटिंघमशायर), तिलक वर्मा (हैम्पशायर), ऋतुराज गायकवाड़ (यार्कशायर) और युजवेंद्र चहल (नॉर्थम्पटनशायर) अन्य भारतीय खिलाड़ी हैं जिन्होंने काउंटी क्रिकेट खेलने के लिए करार किया है।


