नई दिल्ली: भारतीय महिला टीम की स्टार बल्लेबाज स्मृति मंधाना ने इंग्लैंड के खिलाफ खेले गए पहले टी20 मुकाबले में शानदार पारी खेलकर रिकॉर्ड्स की झड़ी लगा दी। मंधाना ने 62 गेंदों पर 15 चौकों और तीन छक्कों की मदद से 112 रन बनाए। उनकी इस दमदार पारी की मदद से भारतीय महिला टीम ने 20 ओवर में पांच विकेट पर 210 रन बनाए। जवाब में इंग्लैंड की टीम 14.5 ओवर में 113 रन पर ऑलआउट हो गई और उसे 97 रनों से हार का सामना करना पड़ा।
मंधाना नॉटिंघम में खेले गए इस मुकाबले में शानदार बल्लेबाजी की। वह हरमनप्रीत की अनुपस्थिति में कमान संभाल रही थीं। भारत की नियमित कप्तान हरमनप्रीत कौर अभ्यास मैच के दौरान सिर पर लगी चोट के कारण एहतियात के तौर पर इस मैच में नहीं खेल रही थी जिससे मंधाना यह जिम्मेदारी संभाली। इंग्लैंड ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। मंधाना और शेफाली वर्मा ने भारत को अच्छी शुरुआत दिलाई। मंधाना जहां शुरुआत से ही लय में दिख रही थीं, वहीं शेफाली संघर्ष करती नजर आ रही थीं। मंधाना तीनों प्रारूप में शतक लगाने वाली पहली भारतीय महिला खिलाड़ी बन गई हैं। उन्होंने 2016 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे में 106 रन की पारी खेली थी। वहीं, टेस्ट में उन्होंने 2021 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 127 रन बनाए थे। अब उन्होंने टी20 अंतरराष्ट्रीय में इंग्लैंड के खिलाफ शतक लगाया। महिला क्रिकेट में मंधाना ओवरऑल पांचवीं बल्लेबाज हैं जिन्होंने तीनों प्रारूप में शतक लगाया है। मंधाना से पहले बेथ मूनी, लॉरा वोलवार्ड्ट, हीदर नाइट और टैमी ब्यूमोंट ऐसा कर चुकी हैं।
मंधाना इसके साथ ही रोहित शर्मा और विराट कोहली जैसे पुरुष भारतीय क्रिकेटरों के क्लब में शामिल हो गई हैं। पुरुष और महिला क्रिकेट मिलाकर अब तक छह भारतीय बल्लेबाजों ने ही तीनों प्रारूप में शतक लगाए हैं और अब इसमें मंधाना का नाम भी जुड़ गया है। इस लिस्ट में सुरेश रैना, कोहली, रोहित, केएल राहुल और शुभमन गिल पहले से ही शामिल हैं। मंधाना महिला टी20 क्रिकेट में शतक जड़ने वाली दूसरी भारतीय खिलाड़ी बन गई हैं। मंधाना ने 51 गेंदों पर सैकड़ा जड़ा और हरमनप्रीत कौर के बाद फटाफट क्रिकेट में शतक लगाने वाली दूसरी भारतीय महिला खिलाड़ी बन गईं। इस प्रारूप में अब तक सिर्फ दो भारतीयों ने ही शतक लगाए हैं। शेफाली की धीमी बल्लेबाजी के बावजूद मंधाना और शेफाली रिकॉर्ड अपने नाम करने में सफल रहीं। मंधाना और शेफाली ने पहले विकेट के लिए 77 रन जोड़े। यह 21वीं बार था जब इन दोनों की सलामी जोड़ी ने 50+ साझेदारी की है। इन दोनों के अलावा किसी ने भी इतनी बार 50+ ओपनिंग साझेदारी नहीं की है। शेफाली और मंधाना ने इस मामले में ऑस्ट्रेलिया की एलिसा हिली और बेथ मूनी को पीछे छोड़ा जिन्होंने 20 बार 50+ साझेदारी की है।


