नई दिल्ली : भारत महिला अंडर-18 हॉकी टीम ने अंडर-18 एशिया कप 2026 में सिंगापुर को 25-0 से मात देकर एक यादगार उपलब्धि हासिल की। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार यह भारतीय जूनियर महिला टीम की सबसे बड़ी जीतों में गिनी जा रही है। इससे पहले टीम ने पूल-ए के मुकाबले में मलेशिया को 2-1 से हराकर अपनी मजबूत दावेदारी पेश की थी। सिंगापुर के खिलाफ खेले गए इस एकतरफा मुकाबले में नौशीन नाज ने शानदार खेल दिखाते हुए 7 गोल किए, जबकि गीताश्री ने 5 गोल दागकर टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई।
भारत की इस जीत में स्वीटी ने भी 4 गोल किए और भारत ने इस टूर्नामेंट में अपना दबदबा कायम रखते हुए पूल ए में शीर्ष स्थान हासिल किया। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार भारतीय टीम सिंगापुर के खिलाफ इस बड़ी जीत को हासिल करने से पहले ही अंडर-18 एशिया कप में सेमीफाइनल में जगह बना चुकी थी। पूल ए में भारत ने अपने सभी मैच जीते और अंकतालिका में शीर्ष पर रही।
प्लेयर ऑफ द मैच चुनी गईं गीताश्री नामी
इस मैच में भारतीय टीम ने सिंगापुर को एकतरफा अंदाज में हराया और टीम के 10 खिलाड़ियों ने स्कोरशीट पर अपना नाम दर्ज करवाया। गीताश्री नामी को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया जिन्होंने 5 गोल दागे थे वहीं कप्तान स्वीटी कुजूर का भी खेल शानदार रहा। प्रियंका मिंज ने भी इस मैच में गोल का हैट्रिक लगाया जबकि दीया, नैन्सी सरोहा, श्रुति कुमारी, पुष्पा मांझी, रश्मीन कौर और संदीप कुमारी ने भी टीम के लिए गोल दागे।
नौशीन नाज ने गोलों की झड़ी लगाई
इस मैच में भारत ने शुरू से ही अपने इरादे साफ कर दिए थे जब कप्तान स्वीटी ने मैच के दूसरे ही मिनट में पहला गोल दाग दिया। आठवें मिनट में नौशीन ने बढ़त को दोगुना कर दिया जिसके बाद 13वें मिनट में गीताश्री और नौशीन ने एक बार फिर गोल करके भारत को मैच पर पूरी तरह से हावी कर दिया। दूसरे क्वार्टर में भी भारतीय टीम का दबदबा कायम रहा। नौशीन ने तेजी से दो और गोल किए जिसके बाद प्रियंका और स्वीटी ने हाफ-टाइम से पहले भारत की बढ़त को और बढ़ा दिया।
भारतीय महिला टीम का एकतरफा दबदबा
भारत महिला अंडर-18 हॉकी टीम ने हाफ टाइम के बाद भी अपना आक्रामक खेल जारी रखा और दूसरे हाफ में लगातार गोल दागते हुए मुकाबले पर पूरी तरह कब्जा बनाए रखा। तीसरे क्वार्टर की शुरुआत में दिया और गीताश्री ने गोल किए, जबकि नैन्सी, प्रियंका, स्वीटी, नौशीन नाज और श्रुति ने भी सिंगापुर के गोलपोस्ट को भेदते हुए भारतीय बढ़त को और मजबूत किया। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार भारतीय टीम ने विरोधी टीम की रक्षापंक्ति को पूरी तरह बिखेर दिया। अंतिम क्वार्टर में भी भारत की रफ्तार कम नहीं हुई और टीम ने 10 और गोल दाग दिए। स्वीटी ने अपने चार गोल पूरे किए, गीताश्री ने तीन और गोल जोड़कर कुल पांच गोल किए, जबकि नौशीन ने सात गोलों के साथ शानदार प्रदर्शन पूरा किया। भारत ने यह मुकाबला पूरी तरह एकतरफा अंदाज में अपने नाम किया।


