थाईलैंड पहुंची भारतीय युवा महिला टीम, जापान के खिलाफ करेगी अभियान की शुरुआत

0

नई दिल्ली : भारत की 24 सदस्यीय अंडर-20 महिला फुटबॉल टीम थाईलैंड में अगले महीने होने वाले एएफसी अंडर-20 महिला एशियाई कप से पहले 15 दिन के अनुकूलन शिविर के लिए पहुंच गई है। भारतीय टीम ने करीब दो दशक बाद इस टूर्नामेंट के लिए क्वालीफाई किया है, जिससे इस अभियान को और खास माना जा रहा है। टीम 2 अप्रैल को जापान के खिलाफ ग्रुप C के अपने पहले मुकाबले से पहले 13 दिन के कैंप में हिस्सा लेगी। इसके बाद भारत 5 अप्रैल को ऑस्ट्रेलिया और 8 अप्रैल को चीनी ताइपे से भिड़ेगा। ग्रुप की शीर्ष दो टीमें और तीसरे स्थान पर रहने वाली दो सर्वश्रेष्ठ टीमें क्वार्टर फाइनल में जगह बनाएंगी।

वहीं, क्वार्टर फाइनल जीतने वाली टीमें फीफा अंडर-20 महिला विश्व कप के लिए क्वालीफाई करेंगी, जो इस साल पोलैंड में आयोजित होगा। भारतीय महिला फुटबॉल टीम ने इंडियन वुमेंस लीग के पहले चरण के बाद बेंगलुरु में जोकिम अलेक्जेंडरसन के मार्गदर्शन में अभ्यास किया। इसके अलावा टीम ने स्वीडन में एक महीने का प्रशिक्षण शिविर भी लगाया, जहां उन्होंने स्वीडन की सीनियर टीम के खिलाफ पांच दोस्ताना मुकाबले खेले। यूरोप दौरे से लौटने के बाद टीम ने कोलकाता में आयोजित एक और अभ्यास शिविर में हिस्सा लेकर अपनी तैयारियों को और मजबूत किया।

भारतीय टीम
  • गोलकीपर: मोनालिसा देवी एम, नंदिनी, रिबांसी जामू।
  • डिफेंडर: अलका इंदवार, सिंडी आर कोलनी, निशिमा कुमारी, रेमी थोकचोम, रूचि यादव, सहीना टीएच, शुभांगी सिंह, टी चानू तोइजाम।
  • मिडफील्डर: अंजू चानू कायेनपेइबाम, अरिना देवी एन, भूमिका देवी, मोनिशा सिंघा, नेहा, पूजा, श्रुति कुमारी।
  • फारवर्ड: बबीता कुमारी, दीपिका पाल, लिंगदेइकिम, शिलजी शाजी, सिबानी देवी एन, सुलांजना राउल।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here