नई दिल्ली: भारत ने 2036 ओलंपिक की मेजबानी हासिल करने की कोशिशों और 2030 राष्ट्रमंडल खेल की मेजबानी के अधिकार मिलने के बाद अब एशियाड आयोजित करने की भी इच्छा जताई है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, इसी महीने की शुरुआत में भारतीय ओलंपिक संघ ने ओलंपिक काउंसिल ऑफ एशिया को 2038 में एशियाई खेलों की मेजबानी के लिए अपनी दिलचस्पी जताते हुए पत्र भेजा। आगामी एशियाड 2026 में आइची-नागोया, 2030 में दोहा और 2034 में रियाद में आयोजित होंगे।
भारत ने 1951 में पहली बार एशियन गेम्स होस्ट किए थे। आखिरी बार इसका आयोजन 1982 में हुआ था। दोनों बार खेल नई दिल्ली में हुए थे। 2030 में कॉमनवेल्थ गेम्स अहमदाबाद में होंगे। मेजबानी मिलने पर 2036 ओलपिंक भी यहीं होने की संभावना है। एशियाड को भी यहीं कराने की योजना होगी। चीन के सान्या में गुरुवार (23 अप्रैल) को ओलंपिक काउंसिल ऑफ एशिया की कार्यकारी बोर्ड मीटिंग में भारत के प्रस्ताव पर चर्चा हुई। यह तय हुआ कि ओसीए की टीम देश का दौरा करेगी।
ओसीए को पत्र लिखा, एशियाड मेजबानी की जताई इच्छा
आईओए के सीईओ रघुराम अय्यर ने भारत की दिलचस्पी की पुष्टि की और कहा कि ओलंपिक संस्था ने इस महीने की शुरुआत में ओसीए अध्यक्ष कतर के शेख जोआन बिन हमद अल थानी को पत्र लिखा था। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार अय्यर ने बताया, ‘हम एशियन गेम्स को भारत में कराने के इच्छुक हैं। हम ओसीए से बातचीत कर रहे हैं और उन्हें पत्र लिखकर अपनी दिलचस्पी बता चुके हैं। हम ओसीए से बातचीत करेंगे।’
ओलंपिक से ज्यादा खेल और खिलाड़ी
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार भारत के अलावा, दक्षिण कोरिया और मंगोलिया ने भी अब तक 2038 एशियन गेम्स की मेजबानी में दिलचस्पी दिखाई है। हिस्सा लेने वाले एथलीटों की संख्या के हिसाब से एशियन गेम्स को ओलंपिक से बड़ा माना जाता है। इसमें अक्सर लगभग 12,000 एथलीट होते हैं, जबकि ओलंपिक में लगभग 10,500 होते हैं। इसमें खेलों की संख्या भी अधिक है। चीन के हांग्जू में हुए पिछले एशियन गेम्स में 40 खेल थे, जबकि 2024 के पेरिस ओलंपिक्स में 32 खेल थे।
एशियन गेम्स की मेजबानी सही कदम
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार एक अधिकारी ने नाम न बताने की शर्त पर कहा कि 2038 में एशियन गेम्स की मेजबानी करना एक सही कदम है। अहमदाबाद और गुजरात के दूसरे हिस्सों में खेल और आधारभूत संरचना में हो रहे निवेश को देखते हुए खर्च काफी कम हो जाएगा। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार अधिकारी ने कहा, ‘अगले तीन से चार सालों में अहमदाबाद में बहुत सारी जगहें तैयार हो जाएंगी। ये जगहें खेल की गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए बनाई जा रही हैं। अगर भारत 2036 ओलंपिक की मेजबानी हासिल कर लेता है, तो एशियन गेम्स का भी बेहतरीन आयोजन होगा क्योंकि ज्यादातर जगहों का दोबारा इस्तेमाल किया जा सकता है।’
2036 ओलंपिक की तैयारी में जुटा भारत, मेजबानी पर नजर
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार एक अधिकारी ने कहा कि अगर भारत को 2036 ओलंपिक की मेजबानी नहीं भी मिलती है, तो 2038 एशियाड की मेजबानी से देश की आधारभूत संरचना का बेहतर उपयोग हो सकेगा। इससे भविष्य में ओलंपिक की मेजबानी के लिए जरूरी अनुभव भी हासिल होगा। वहीं गुजरात सरकार ने 2036 ओलंपिक की तैयारियों के तहत अहमदाबाद और गांधीनगर में बड़े स्तर पर खेल परिसरों का निर्माण शुरू कर दिया है।


