एशिया कप के बाद भारत का अगला मिशन: जानें 2025 का पूरा शेड्यूल

0

नई दिल्ली: भारतीय टीम ने कप्तान सूर्यकुमार यादव की अगुआई में शानदार प्रदर्शन करते हुए टी20 एशिया कप 2025 का खिताब अपने नाम कर लिया। रविवार को दुबई में खेले गए फाइनल मुकाबले में टीम इंडिया ने चिर प्रतिद्वंदी पाकिस्तान को 5 विकेट से हराकर टूर्नामेंट का 9वां खिताब जीता। पूरे टूर्नामेंट में अजेय रही भारतीय टीम की इस जीत में सबसे बड़ा योगदान रहा तिलक वर्मा का, जिन्होंने मुश्किल हालात में नाबाद पारी खेलते हुए टीम को जीत की राह पर पहुंचाया और अंत तक डटे रहे। तिलक की सूझबूझ भरी बल्लेबाज़ी ने भारत को एक यादगार जीत दिलाई। अब एशिया कप 2025 के बाद भारतीय क्रिकेट टीम का शेड्यूल इस साल के बचे हुए महीनों में काफी टाइट होने वाला है। इस दौरान तकरीबन तीन महीनों में भारत को 4 टेस्ट, 6 वनडे और 10 टी20 मुकाबले खेलने हैं।

2025 में टीम इंडिया की टक्कर किन-किन टीमों से? जानिए पूरा शेड्यूल

एशिया कप 2025 का खिताब जीतने के बाद भारतीय क्रिकेट टीम अब एक्शन में वापसी के लिए पूरी तरह तैयार है। टीम इंडिया सबसे पहले रेड बॉल क्रिकेट में वेस्टइंडीज का सामना करेगी, जहां दो टेस्ट मैचों की सीरीज खेली जाएगी। इसके बाद भारतीय टीम ऑस्ट्रेलिया के दौरे पर जाएगी, जहां उसे तीन वनडे और पांच टी20 मुकाबलों की चुनौती का सामना करना होगा। ऑस्ट्रेलिया से लौटने के बाद भारत की अगली भिड़ंत दक्षिण अफ्रीका से होगी, जिसके खिलाफ दो टेस्ट, तीन वनडे और पांच टी20 मैचों की पूरी सीरीज खेली जाएगी। इस तरह भारत का साल काफी व्यस्त और रोमांचक क्रिकेट शेड्यूल से भरा रहेगा। अगले साल होने वाले टी20 वर्ल्ड कप की तैयारी के लिए भारतीय टीम लगातार कठिन परिस्थितियों का सामना करेगी। वहीं साल 2027 वनडे वर्ल्ड कप को ध्यान में रखते हुए एकदिवसीय टीम को भी तैयार करने के लिए टीम मैनेजमेंट की नजर होगी।

रो-को की जोड़ी फिर मचाएगी धमाल, फैंस को मिलेगी खुशखबरी

आने वाले अगले तीन महीनों में रोहित शर्मा और विराट कोहली के फैंस के लिए बड़ी खुशखबरी है। दोनों दिग्गज क्रिकेटर अब टेस्ट और टी20 क्रिकेट से संन्यास ले चुके हैं और अब केवल वनडे फॉर्मेट में ही खेलेंगे। इस निर्णय के बाद रो-को फैंस को उनकी वापसी का बेसब्री से इंतजार है, क्योंकि वे फिर से वनडे क्रिकेट में भारत की जीत में अहम भूमिका निभाते नजर आएंगे। उनके फैंस उम्मीद कर रहे हैं कि ये दोनों सितारे अपनी अनुभव और कौशल से टीम इंडिया को और भी मजबूती देंगे। ये दोनों ही खिलाड़ी इस साल मार्च में हुए चैंपियंस ट्रॉफी के फाइनल के बाद से भारतीय जर्सी में खेलते नहीं नजर आए हैं। हालांकि, आईपीएल में रोहित और विराट मैदान पर उतरे थे। मगर ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे सीरीज में लंबे अंतराल के बाद दोनों भारतीय जर्सी में नजर आ सकते हैं।

भारतीय टीम का इस साल का पूरा शेड्यूल
  • वेस्टइंडीज टेस्ट सीरीज
  • पहला टेस्ट- 2-6 अक्टूबर, अहमदाबाद (नरेंद्र मोदी स्टेडियम)
  • दूसरा टेस्ट- 10-14 अक्टूबर, दिल्ली (अरुण जेठली स्टेडियम)
ऑस्ट्रेलिया का दौरा
  • पहला वनडे- 19 अक्टूबर, पर्थ (ऑप्टस स्टेडियम)
  • दूसरा वनडे- 23 अक्टूबर, एडिलेड (एडिलेड ओवल)
  • तीसरा वनडे- 25 अक्टूबर, सिडनी (सिडनी क्रिकेट ग्राउंड)
  • पहला टी20- 29 अक्टूबर, कैनबेरा (मनुका ओवल)
  • दूसरा टी20- 31 अक्टूबर, मेलबर्न (एमसीजी)
  • तीसरा टी20- 2 नवंबर, होबार्ट (निंजा स्टेडियम)
  • चौथा टी20- 6 नवंबर, गोल्ड कोस्ट (हेरिटेज बैंक स्टेडियम)
  • पांचवां टी20- 8 नवंबर, ब्रिसबेन (गाबा)
दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ घरेलू सीरीज
  • पहला टेस्ट-14-18 नवंबर, कोलकाता (ईडन गार्डन)
  • दूसरा टेस्ट- 22-26 नवंबर, गुवाहाटी (बरसापारा स्टेडियम)
  • पहला वनडे- 30 नवंबर, रांची (जेएससीए क्रिकेट स्टेडियम)
  • दूसरा वनडे- 3 दिसंबर, न्यू रायपुर (शहीद विजय नारायण सिंह स्टेडियम)
  • तीसरा वनडे- 6 दिसंबर, विशाखापट्टनम (ACA-VDCA क्रिकेट स्टेडियम)
  • पहला टी20- 9 दिसंबर, कटक (बाराबाती स्टेडियम)
  • दूसरा टी20- 11 दिसंबर, न्यू चंडीगढ़ (मोहाली पीसीए स्टेडियम)
  • तीसरा टी20- 14 दिसंबर, धर्मशाला (HPCA स्टेडियम)
  • चौथा टी20- 17 दिसंबर, लखनऊ (इकाना क्रिकेट स्टेडियम)
  • पांचवां टी20- 19 दिसंबर, अहमदाबाद (नरेंद्र मोदी स्टेडियम)

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here