नई दिल्ली : भारत ने शानदार प्रदर्शन करते हुए एशियन चैंपियंस ट्रॉफी 2026 के अपने तीसरे मुकाबले में जापान को 4-1 से हरा दिया। ये इस टूर्नामेंट में भारत की लगातार तीसरी जीत रही और इस जीत के साथ भारत ने जीत की हैट्रिक भी पूरी की। इस मैच में भारत की तरफ से कप्तान हरमनप्रीत सिंह, अभिषेक नैन और विष्णुकांत सिंह ने गोल किया। अभिषेक ने भारत के लिए 2 गोल दागे जबकि हरमनप्रीत सिंह और विष्णुकांत ने एक-एक गोल किए।
भारत के लिए इस मैच में पहला गोल पहले क्वार्टर में अभिषेक नैन ने 12वें मिनट में किया और टीम को 1-0 की बढ़त दिलाई, लेकिन जापान ने पहले ही क्वार्टर के 15वें मिनट में गोल करते हुए स्कोर को 1-1 से बराबर कर दिया। पहले क्वार्टर के बाद स्कोर 1-1 की बराबरी पर थी। इसके बाद दूसरे और तीसरे क्वार्टर में किसी भी टीम ने कोई गोल नहीं किया और स्कोर 1-1 ही रहा।
भारत ने चौथे क्वार्टर में जबरदस्त वापसी की और तीन गोल दागे और जापान को किसी भी तरह का कोई मौका नहीं दिया। चौथे क्वार्टर में भारत के लिए तीसरे मिनट में कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने पेनाल्टी कॉर्नर पर गोल दागा और टीम को 2-1 से आगे कर दिया। इसके ठीक बाद इस क्वार्टर के छठे मिनट में अभिषेक नैन ने गोल करते हुए टीम को 3-1 की बढ़त दिलाई और इस मैच में ये अभिषेक का दूसरा गोल भी था।
चौथे क्वार्टर में भारत के लिए 11वें मिनट में विष्णुकांत सिंह ने गोल किया और भारत को 4-1 की बढ़त दिला दी। चौथे क्वार्टर में जापान के खिलाड़ी पूरी तरह से बैकफुट पर नजर आए और भारत ने बेहद आक्रामक खेल दिखाते हुए जीत हासिल की। जापान को हराने से पहले भारत ने इस टूर्नामेंट के पहले मुकाबले में बांग्लादेश को 13-0 से हराया था जबकि दूसरे मैच में चीन के खिलाफ 5-2 से जीत दर्ज की थी।


