मनीषा भनवाला का बड़ा कारनामा, वर्ल्ड चैंपियनशिप में गोल्ड जीतकर रचा नया इतिहास

0

नई दिल्ली : भारतीय महिला रेसलर मनीषा भनवाला रेसलिंग वर्ल्ड चैंपियनशिप 2026 में गोल्ड मेडल जीतकर इतिहास रच दिया। वो टूर्नामेंट में भारत के लिए गोल्ड मेडल जीतने वाली पहली महिला रेसलर बनीं तो वहीं इस टूर्नामेंट में ओवरऑल गोल्ड मेडल जीतने वाली दूसरी रेसलर बनीं। मनीषा से पहले रेसलिंग वर्ल्ड चैंपियनशिप में साल 2010 में सुशील कुमार ने 66 किलो भारवर्ग में देश के लिए गोल्ड मेडल जीता था।

मनीषा ने फाइनल मुकाबले में अमेरिकी पहलवान एबिगेल नेट के खिलाफ 0-6 से पिछड़ने के बाद शानदार वापसी की और 8-6 से जीत दर्ज करते हुए महिलाओं के 59 किग्रा वर्ग का स्वर्ण पदक अपने नाम किया। मनीषा 0-6 से पीछे चल रही थीं, लेकिन उन्होंने जबरदस्त वापसी की। उन्होंने गजब का साहस दिखाते हुए पैन अमेरिकन चैंपियन को हराया और कुश्ती में भारत के लिए पहली महिला विश्व चैंपियन बनने का लंबा इंतजार खत्म किया।

मनीषा भनवाला का जन्म 10 जनवरी 1997 को हरियाणा के जींद जिले के सिवाहा गांव में हुआ था। साल 2013 में मनीषा के पिता ने उन्हें अपनी फिटनेस सही करने और वजन कम करने के इरादे के साथ अखाड़े में भेजा था और वहीं से उनकी कुश्ती के सफर की शुरुआत हुई। इसके बाद मनीषा ने साल 2016 में कैडेट विश्व चैंपियन और फिर साउथ एशियन गेम्स में 60 किलोग्राम भारवर्ग प्रतियोगिता में गोल्ड मेडल जीता और फिर उन्हें यहां से प्रसिद्धि मिली। साल 2018 में चीन में हुए विश्व सैन्य खेल में उन्होंने गोल्ड अपने नाम किया और फिर 2022, 2023, 2024 में एशियाई चैंपियनशिप में लगातार 3 ब्रॉन्ज मेडल जीतने में सफल रहीं।

मनीषा ने साल 2025 में एशियन चैंपियनशिप में गोल्ड मेडल जीता था और इसके फाइनल में उन्होंने 62 किग्रा में 2-7 से पिछड़ने के बाद उत्तर कोरिया की किम ओके-जू को 8-7 से हराया था। मनीषा ने नेशनल गेम्स 2023 गोवा में गोल्ड मेडल अपने नाम किया था। 17 अप्रैल 2022 को जिस दिन एशियन चैंपियनशिप के लिए उन्होंने फ्लाइट पकड़ी थी, उसी दिन उनके पिता का दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया था। इसके बावजूद उन्होंने इस टूर्नामेंट में हिस्सा लिया और ब्रॉन्ज मेडल जीतकर वापस लौटीं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here