(NST News) भोपाल. टीटी नगर स्टेडियम में संपन्न हुई 15वीं पीएसएएमपी पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप में इंदौर रीजन की टीम ने ओवरआल चैंपियनशिप अपने नाम की है। दूसरे स्थान पर ग्वालियर और मेजबान भोपाल ने तीसरा स्थान प्राप्त किया है। पुरुषों के 84 इवेंट में ग्वालियर की टीम ने 76 अंकों के साथ पहला स्थान हासिल किया, जबकि इंदौर दूसरे और विदिशा तीसरे स्थान पर रहे। महिला वर्ग में इंदौर ने 48 अंकों के साथ पहला स्थान प्राप्त किया। छिंदवाड़ा और भोपाल ने क्रमशः दूसरा और तीसरा स्थान हासिल किया।तीसरे दिन भोपाल के खिलाड़ियों ने भी शानदार प्रदर्शन किया।

भोपाल की प्रकृति गुप्ता ने महिलाओं की 100 मीटर दौड़ (टी-12) में 21.62 सेकंड का समय लेकर स्वर्ण पदक जीता। भोपाल की एलिस ने महिलाओं की 100 मीटर दौड़ (टी-13) में 25.83 सेकंड का समय लेकर प्रथम स्थान प्राप्त किया। भोपाल के साहिल सिंह ने डिस्कस थ्रो इवेंट में 26.24 मीटर का प्रदर्शन कर स्वर्ण पदक जीता। शाटपुट (एफ-57) स्पर्धा में भोपाल की हीरावती राजाेदिया ने स्वर्ण पदक जीते। प्रतियोगिता के दौरान ग्वालियर के बंटी यादव ने टी-44 केटेगरी में 100 मीटर और 200 मीटर की स्पर्धा एक-एक स्वर्ण पदक जीते। इस चैंपियनशिप में खिलाड़ियों ने विभिन्न लंबी कूद, दौड़, थ्रो और अन्य एथलेटिक्स इवेंट में भाग लिया।

प्रतियोगिता का पुरस्कार वितरण प्रदेश कार्यालय मंत्री भाजपा डा. राघवेंद्र शर्मा ने किया। इस मौके पर मध्यप्रदेश पैरास्पोर्ट्स एसोसिएशन के कार्यकारी अध्यक्ष डॉ. विवेक सिंह परिहार, पैरास्पोर्ट्स भोपाल के सचिव शाहिद खान, सह सचिव डाॅ. अनिल कुमार आदि मौजूद रहे।

जेवलिन थ्रो में दिखा दमखम
जेवलिन थ्रो (एफ-42) में सिवनी के विपुल टेंभारे ने स्वर्ण पदक जीता। भिंड के गोविंद सिंह ने रजत और श्योपुर के सद्दाम खान ने कांस्य पदक जीते।जैवलिन थ्रो के पुरुष वर्ग (एफ-44) में सतना के प्रदीप प्रजापति ने 28.69 मीटर दूर भाला फेंककर पहला स्थान हासिल किया। वहीं, राजगढ़ के सचिन सादौदिया 27.20 मीटर के साथ दूसरे स्थान पर रहे।

पुरुष वर्ग (एफ-37) स्पर्धा में ग्वालियर के धर्मेंद्र ने बाजी मारी। उन्होंने 31.98 मीटर दूर भाला फेंककर गोल्ड मेडल जीता। छिंदवाड़ा के तरुण सोनी 18.25 मीटर के साथ दूसरे नंबर पर रहे। पुरुष वर्ग (एफ-46) के विजेता रहे बालाघाट के मनीष पंचेश्वर, जिन्होंने 25.69 मीटर का शानदार थ्रो किया। इस वर्ग में दूसरा स्थान ग्वालियर के रविंद्र गुर्जर को मिला, जिनका बेस्ट थ्रो 23.66 मीटर था।


