नई दिल्ली : अंडर-19 विश्व कप जीतने के बाद सीनियर क्रिकेट में कदम रखते ही विहान मल्होत्रा ने अपनी प्रतिभा का दम दिखा दिया है। पंजाब के 19 वर्षीय बल्लेबाज ने असम के खिलाफ रणजी ट्रॉफी में अपने डेब्यू मैच में शतक जड़कर शानदार आगाज किया। उनकी इस पारी ने घरेलू क्रिकेट में उनके उज्ज्वल भविष्य की उम्मीदें बढ़ा दी हैं। इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के दौरान रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के मेंटर और बल्लेबाजी कोच दिनेश कार्तिक से जूनियर से सीनियर क्रिकेट में बदलाव को लेकर सलाह लेने वाले विहान मल्होत्रा ने मैदान पर अपने प्रदर्शन से उस सीख को आत्मविश्वास में बदलने की झलक दिखाई।
विहान ने पंजाब के लिए ओपनिंग करते हुए 11 चौकों वाली पारी खेली। उनकी पारी ने असम के 373 रनों के जवाब में पंजाब को 5 विकेट पर 287 रनों तक पहुंचाने में मदद की। विहान मल्होत्रा की इस पारी ने न सिर्फ पंजाब को मजबूती दी, बल्कि सीनियर क्रिकेट में अपनी जगह बनाने की दिशा में भी एक मजबूत शुरुआत दी। इस पारी से विहान को आत्मविश्वास मिला वह सीनियर क्रिकेट में जगह बनाने की कोशिश के दौरान उनके काम आएगा। IPL के दौरान विहान ने दिनेश कार्तिक से पूछा था कि जूनियर से सीनियर लेवल पर आसानी से जाने के लिए उन्हें किन बातों का ध्यान रखना चाहिए। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार विहान ने बताया, ‘‘मैं अंडर-19 वर्ल्ड कप के बाद IPL में आया था।
दिनेश कार्तिक सर के साथ मेरी मुख्य बातचीत इस बारे में थी कि तीनों फॉर्मेट के लिए कैसे तैयार रहें और अंडर-19 से सीनियर लेवल पर कैसे आगे बढ़ें।’’ मीडिया रिपोर्ट के अनुसार विहान मल्होत्रा ने बताया, ‘‘भारत की अंडर-19 वर्ल्ड कप जीत के बाद मेरा ध्यान उस आत्मविश्वास को अपने पहले रणजी ट्रॉफी सीजन में भी बनाए रखने पर था। अपने डेब्यू मैच में शतक लगाने से बहुत आत्मविश्वास मिलता है।’’ विहान, विराट कोहली और शुभमन गिल के प्रशंसक हैं। पंजाब की टीम में ओपनर प्रभसिमरन सिंह नहीं थे। प्रभसिमरन सिंह वर्तमान में इंडिया A का हिस्सा हैं। इस कारण विहान को रणजी ट्रॉफी में डेब्यू का मौका मिला। विहान ने पहले साथी ओपनर हरनूर सिंह (54) के साथ 137 रनों की साझेदारी की और फिर कप्तान उदय सहारन के साथ 58 रन जोड़े।


