IPL 2018 : पंजाब ने दिल्ली को 4 रनों से हराया

0

नई दिल्ली। अपने घरेलु कोटला मैदान पर मैच की आखिरी गेंद पर दिल्ली के हाथ से जीत फिसल गई। 45 गेंदों पर 57 रनों की उपयोगी पारी खेलने के बाद भी श्रेयस अय्यर मैच की आखिरी गेंद पर मुजीब उर रहमान को शॉट मारने मेंं तो सफल रहे लेकिन गेंद बाउंड्री पार नहीं कर सके और आरोन फिंच के हाथों में जा पहुंचे। इससे पहले दिल्ली के गेंदबाज लियाम प्लंकेट (3/17) और आवेश खान तथा ट्रैंट बोल्ट (2-2 विकेट) ने बढ़िया गेंदबाजी कर पंजाब को 20 ओवर में 8 विकेट पर 143 रनों के छोटे स्कोर पर रोका तो ऐसा लगा कि दिल्ली अब मैच जीत लेगी लेकिन हुआ इसके उलट।
शुरुआती गड़बड़ के बाद दिल्ली को श्रेयस अय्यर (57) और राहुल तेवटिया (24) ने जीत के करीब पहुंचाया लेकिन आखिरी गेंद पर दिल्ली को 5 रनों की दरकार थी और अय्यर अपना विकेट गंवा बैठे। दिल्ली की टीम 20 ओवर में 8 विकेट पर 139 रन ही बना सकी और मैच 4 रन से हार गई। दिल्ली की ओर से अंकित राजपूत, एंड्रयू टाई और मुजीब उर रहमान ने 2-2 विकेट लिए। एक विकेट बरिंदर को मिला। पंजाब की 6 मैचों में पांचवीं जीत है और वह इस जीत के साथ 10 अंक लेकर शीर्ष पर पहुंच गया है। दिल्ली की यह 6 मैचों में पांचवीं हार है और 2 अंकों के साथ अंतिम पायदान पर है। अंकित राजपूत को प्लेयर ऑफ द मैच घोषित किया।
गेल के बगैर भी जीत गया पंजाब : पिछले तीन मैचों में पंजाब को जीत दिलाने वाले क्रिस गेल इस मैच में बाहर रहे। उनकी गैरमौजूदगी में टीम दिल्ली के गेंदबाजों से जूझते हुए 143 रन ही जोड़ सकी, लेकिन गेंदबाजों के बढ़िया प्रदर्शन से टीम नेे छठी जीत हासिल की।