जयपुर। जयपुर में रविवार को खेले गए 21वें मैच में राजस्थान रॉयल्स ने बेहद नाटकीय ढंग से आखिरी पलों में मैच को पलट दिया और मुंबई इंडियंस को 3 विकेट से हराया। राजस्थान रॉयल्स के लिए के गौतम ने 2 छक्के और 4 चौके लगाकर 11 गेंद पर 33 रन ठोके और मैच को मुंबई के हाथों से छीन लिया। इसी के साथ राजस्थान ने इस आईपीएल की तीसरी जीत दर्ज की। राजस्थान की तरफ से 168 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए सबसे ज्यादा रन संजू सैमसन ने बनाए। उन्होंने 4 चौकों की मदद से 52 रन बनाए। इसके अलावा 40 रन की पारी खेलकर बेन स्टोक्स ने भी अहम योगदान दिया। हालांकि मैच के आखिरी पलों में स्टोक्स और सैमसन आउट हो गए और राजस्थान की जीत मुश्किल में पड़ गई। तब के गौतम ने ताबड़तोड़ पारी खेलकर मैच को जिता दिया। मुंबई की तरफ से हार्दिक पांड्या और बुमराह को दो-दो विकेट हासिल हुए।
इससे पहले सूर्यकुमार यादव (72) और ईशान किशन (58) के बेहतरीन अर्धशतकों की बदौलत मुंबई इंडियंस ने सवाई मानसिंह स्टेडियम में राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ सात विकेट पर 167 रन का स्कोर बनाया। सूर्यकुमार ने 47 गेंदों की पारी में छह चौके और तीन छक्के लगाए। किशन ने 42 गेंदों पर चार चौके और तीन छक्के उड़ाए। सूर्यकुमार और किशन ने दूसरे विकेट के लिए 129 रन की साझेदारी की। केरोन पोलार्ड ने नाबाद 22 रन का योगदान दिया। राजस्थान के लिए आईपीएल में अपना पहला मैच खेल रहे जोफरा आर्चर ने तीन विकेट हासिल किए। उनके अलावा धवल कुलकर्णी ने दो विकेट और जयदेव उनादकट ने एक विकेट हासिल किया।

