इंदौर। शहर में होने वाले आईपीएल के चारों मैचों के लिए एक-साथ टिकटों की ऑनलाइन बुकिंग शुक्रवार सुबह 6 बजे से शुरू हुई। इंदौर में दिसंबर में हुए अंतरराष्ट्रीय टी-20 मैच की तुलना में आईपीएल मैचों के टिकटों की कीमत तीन गुना ज्यादा है। इससे प्रशंसकों में टिकट खरीदने को लेकर उत्साह कम दिखा।
अभिनेत्री प्रीति जिंटा की मालिकाना हक वाली किंग्स इलेवन पंजाब टीम ने इंदौर के होलकर स्टेडियम को अपना दूसरा घरेलू मैदान चुना है। होलकर स्टेडियम में हुए अंतरराष्ट्रीय मैच में सबसे सस्ता टिकट 250 रुपए का था, जबकि यह सभी टैक्स मिलाकर करीब हजार रुपए का है। वहीं तब सबसे महंगा टिकट 5120 रुपए का था जबकि इस बार सबसे महंगी सीट 15 हजार की है। शहर में पूर्व में हुए मैचों में अक्सर कुछ ही घंटों में टिकट बिक जाते थे, लेकिन महंगे दामों के कारण बिक्री दिनभर चलती रही। मेजबान किंग्स इलेवन फ्रेंचाइजी ने पहले चरण में कुछ हिस्सों के टिकट बुकिंग के लिए रखे थे। निचली गैलरी सहित अन्य जगहों के टिकट 24 अप्रैल को उपलब्ध होंगे। फ्रेंचाइजी के ऑपरेशनल हेड अनंत सरकारिया ने कहा- ‘हमने सुना था इंदौर में प्रशंसकों का रुझान इतना ज्यादा होता है कि साइट क्रेश हो जाती है। शुक्रवार को भी सुबह 6 बजे साइट खुलते ही एक मिनट में 8 हजार से ज्यादा हिट्स हुए। हमने एक समय में 20 हजार से ज्यादा हिट्स की तैयारी कर रखी है। टिकट बिक्री को अच्छा प्रतिसाद मिल रहा है।’

