नई दिल्ली: आईपीएल 2026 का ऑक्शन अबू धाबी में संपन्न हुआ, जिसमें सभी 10 फ्रेंचाइजियों ने अपने 25-25 खिलाड़ियों के स्क्वाड पूरे किए। इस नीलामी में कई अनकैप्ड खिलाड़ी चर्चा का केंद्र बने रहे। उत्तर प्रदेश के प्रशांत वीर जहां आईपीएल इतिहास के सबसे महंगे अनकैप्ड भारतीय बने, वहीं एक बड़े राजनेता के बेटे का नाम भी ऑक्शन में चर्चा का विषय बना।
हम बात कर रहे हैं सार्थक रंजन की, जिन्हें केकेआर ने उनके 30 लाख रुपये के बेस प्राइस में खरीदा। सार्थक के पिता एक प्रसिद्ध राजनेता हैं। वह पिछले कई सालों से दिल्ली के लिए खेलते आ रहे हैं। 2016 और 2017 में जब उनका रणजी डेब्यू हुआ था, तब उन्होंने गौतम गंभीर के साथ ओपनिंग भी की थी। सार्थक दाएं हाथ के बल्लेबाज और लेग ब्रेक गेंदबाज हैं।
जानें सार्थक रंजन के बारे में
सार्थक रंजन का जन्म 25 सितंबर 1996 को हुआ था। वह बिहार के रहने वाले हैं, लेकिन अपने क्रिकेट करियर के लिए उन्होंने दिल्ली का रुख किया। सार्थक, बिहार के पूर्णिया संसदीय क्षेत्र से सांसद और मशहूर राजनेता राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव के बेटे हैं। सांसद ने बेटे की इस उपलब्धि पर सोशल मीडिया पर खास पोस्ट भी साझा की।
सार्थक रंजन ने 2017 में अपना रणजी डेब्यू किया था। इससे पहले 2016 में उन्हें विजय हजारे ट्रॉफी में लिस्ट ए डेब्यू का मौका मिला था। एक ही साल में उन्होंने फर्स्ट क्लास और लिस्ट ए क्रिकेट के साथ-साथ टी20 डेब्यू भी सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी से किया। सार्थक रंजन के करियर का सबसे बड़ा टर्निंग प्वॉइंट तब आया जब उन्हें दिल्ली प्रीमियर लीग में नॉर्थ दिल्ली स्ट्राइकर्स के लिए चुना गया।
यहीं से सार्थक रंजन की किस्मत बदल गई। अपनी पॉवर हिटिंग के दम पर उन्होंने सभी को प्रभावित किया और 9 मैचों में 146.73 के स्ट्राइक रेट से 449 रन ठोक दिए। अब वह केकेआर की टीम में कैमरन ग्रीन, अजिंक्य रहाणे, सुनील नरेन, वरुण चक्रवर्ती, हर्षित राणा समेत कई अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों के साथ खेलते नजर आएंगे।
फिटनेस और शिव भक्ति के लिए भी लोकप्रिय
सार्थक रंजन भगवान शिव के बड़े भक्त हैं और उनके हाथ पर महादेव का टैटू भी बना हुआ है। इसके अलावा वह अपनी फिटनेस और स्टाइल के लिए सोशल मीडिया पर काफी पॉपुलर हैं। वह न केवल एक फिट क्रिकेटर हैं बल्कि एक हैंडसम और स्टाइलिश युवा खिलाड़ी भी हैं। अब यह देखना बाकी है कि वह अपने खेल से कितनी लोकप्रियता हासिल कर पाते हैं।
केकेआर का ऑक्शन के बाद पूरा स्क्वाड
रिंकू सिंह, अंगकृष रघुवंशी, अजिंक्य रहाणे, मनीष पांडे, रोवमैन पॉवेल, सुनील नरेन, रमनदीप सिंह, अनुकूल रॉय, वरुण चक्रवर्ती, हर्षित राणा, वैभव अरोड़ा, उमरान मलिक, कैमरन ग्रीन, फिन एलन, मथीशा पथिराना, तेजस्वी सिंह, कार्तिक त्यागी, प्रशांत सोलंकी, राहुल त्रिपाठी, टिम सीफर्ट, मुस्तफिजुर रहमान, सार्थक रंजन, दक्ष कामरा, रचिन रविंद्र, आकाश दीप।


