यशस्वी जायसवाल अस्पताल में भर्ती, अचानक बिगड़ी सेहत; जानें पूरी जानकारी

0

नई दिल्ली: भारतीय बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल मंगलवार को राजस्थान के खिलाफ सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2025 का मैच खेल रहे थे। मैच के बाद अचानक उनकी तबीयत खराब होने की खबर सामने आई, जिसके बाद उन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया। इससे पहले रविवार को यशस्वी ने हरियाणा के खिलाफ इसी टी20 टूर्नामेंट में 50 गेंदों पर 101 रन की शानदार पारी खेली थी।

यशस्वी जायसवाल को अचानक क्या हुआ?

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, यशस्वी जायसवाल की तबीयत मंगलवार शाम अचानक खराब हुई, और इसका अपडेट रात करीब 10:39 बजे सामने आया। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, “यशस्वी जायसवाल पेट में ऐंठन से पीड़ित थे, जो राजस्थान के खिलाफ मैच के बाद और बढ़ गई। उन्हें तुरंत आदित्य बिड़ला अस्पताल ले जाया गया, जहां उनके एक्यूट गैस्ट्रोएंटेराइटिस (पेट का संक्रमण) की पुष्टि हुई।”

इसमें आगे बताया गया कि अस्पताल पहुंचने के बाद यशस्वी का उपचार किया गया। उन्हें IV (ड्रिप) के जरिए दवाइयां दी गईं और अल्ट्रासाउंड व सीटी स्कैन के माध्यम से उनकी जांच की गई। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार डॉक्टरों ने उन्हें दवाइयां लेने और पर्याप्त आराम करने की सलाह दी है। फिलहाल भारत को इस दौरान कोई टेस्ट मैच या वनडे नहीं खेलना है, इसलिए यशस्वी 24 दिसंबर से शुरू होने वाली विजय हजारे ट्रॉफी में खेलते हुए नजर आ सकते हैं।

यशस्वी जायसवाल ने हाल ही में टीम इंडिया के लिए साउथ अफ्रीका वनडे सीरीज में अपना पहला एकदिवसीय शतक जमाया था। उन्होंने तीन मैचों में कुल 156 रन बनाए थे। इसके बाद उन्होंने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2025 में मुंबई के लिए आखिरी तीन सुपर लीग मैच भी खेले, जिनमें उन्होंने तीन पारियों में एक शतक (101) सहित कुल 145 रन बनाए।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here