नई दिल्ली : रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के खिलाड़ी पिछले साल टीम की जीत के जश्न के दौरान भगदड़ में मारे गए 11 लोगों की याद में इंडियन प्रीमियर लीग 2026 (IPL 2026) के मैच से पहले अभ्यास के दौरान 11 नंबर की जर्सी पहनेंगे। इसके अलावा, फ्रेंचाइजी ने एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में 11 सीटें खाली रखने की योजना भी बनाई है, ताकि उन्हें सम्मान और श्रद्धांजलि दी जा सके।
आरसीबी ने पिछले साल पहली बार आईपीएल ट्रॉफी जीती थी। इस जीत के जश्न के लिए चार जून को एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में समारोह का आयोजन किया गया था। सुरक्षा की उचित व्यवस्था नहीं होने के कारण भगदड़ मच गई जिसमें 11 लोगों की जान चली गई थी। इसके बाद आरसीबी को कड़ी आलोचना का सामना करना पड़ा था।
राजेश मेनन ने क्या कहा?
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, राजेश मेनन ने मंगलवार को पत्रकारों से कहा, “मैच वाले दिन खिलाड़ी अभ्यास के दौरान 11 नंबर की जर्सी पहनेंगे और मैच के दौरान भी अपनी जर्सी नंबर में ही नजर आएंगे। अभ्यास के दौरान सभी खिलाड़ियों की पीठ पर जर्सी नंबर 11 लिखा होगा। इसके अलावा, उस दिन वे अपनी बांह पर काले रंग की पट्टी भी पहनेंगे। हम चिन्नास्वामी स्टेडियम में 11 स्थायी सीट बनाने पर भी विचार कर रहे हैं। ये उन 11 प्रशंसकों के लिए हैं जो हमेशा हमारे साथ रहेंगे।”
आरसीबी इस सीजन के दो मैच रायपुर में खेलेगी
मौजूदा चैंपियन टीम 28 मार्च को सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ यहां अपना पहला मैच खेलेगी, जो इस मैदान पर खेले जाने वाले उनके पांच घरेलू मैचों में से पहला मैच होगा। आरसीबी इस आईपीएल में अपने शेष दो घरेलू मैच रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेलेगा।
मैच में आने वाले फैंस के लिए मेट्रो कनेक्टिविटी
मीडिया रिपोर्ट के अनुसारराजेश मेनन ने बताया कि मैच के दिनों में टिकट धारकों को मेट्रो की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। पार्किंग की पहले से बुकिंग की जा सकती है और स्टेडियम के सभी गेट मैच से चार घंटे पहले खोल दिए जाएंगे। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार उन्होंने यह भी घोषणा की कि फ्रेंचाइजी ने इस वर्ष ‘अनबॉक्स’ कार्यक्रम आयोजित नहीं करने का फैसला किया है और मैच के दिन उनका पूरा ध्यान मैच को उद्देश्य रूप से संचालित करने पर रहेगा।


