IPL 2026: आरसीबी के घरेलू मैच इन दो शहरों में संभव, राजस्थान रॉयल्स को भी मिल सकता है मौका

0

नई दिल्ली : इंडियन प्रीमियर लीग 2026 (IPL 2026) में मौजूदा चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) अपने घरेलू मुकाबले बेंगलुरु के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में नहीं खेल पाएगी। इसी तरह राजस्थान रॉयल्स भी जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम को अपना होम ग्राउंड नहीं बनाएगी। दोनों फ्रेंचाइजियां घरेलू मैचों के लिए वैकल्पिक वेन्यू तलाश रही हैं। इसी कड़ी में खबर है कि आरसीबी अपने मुकाबले नवी मुंबई और रायपुर में खेल सकती है, जबकि राजस्थान रॉयल्स के मैच पुणे में कराए जाने की संभावना है।

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार आईपीएल 2026 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु अपने मुकाबले नवी मुंबई के डीवाई पाटिल स्टेडियम और रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह स्टेडियम में खेल सकती है। वहीं राजस्थान रॉयल्स के घरेलू मैच पुणे स्थित महाराष्ट्र क्रिकेट एसोसिएशन (एमसीए) स्टेडियम में आयोजित होने की संभावना है। हाल ही में एमसीए ने बताया था कि आरसीबी और राजस्थान रॉयल्स, दोनों ही फ्रेंचाइजियों ने अपने मैचों के आयोजन को लेकर उनसे संपर्क किया है।

नवी मुंबई को पांच मुकाबले, रायपुर में होंगे दो मैच

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, आईपीएल 2026 में आरसीबी नवी मुंबई में पांच और रायपुर में दो मुकाबले खेलेगी। फ्रेंचाइजी के अधिकारियों ने संबंधित प्रशासन के साथ बैठक करने के बाद हाल ही में इस प्लान को अंतिम रूप दिया है। आईपीएल 2025 की ट्रॉफी जीत के बाद रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के जश्न के दौरान हुई भगदड़ के चलते चिन्नास्वामी स्टेडियम में मैचों के आयोजन पर फिलहाल रोक लगा दी गई है। विजय हजारे ट्रॉफी के दौरान भी यहां कुछ मुकाबले प्रस्तावित थे, लेकिन प्रशासनिक मंजूरी नहीं मिलने के कारण उन्हें आयोजित नहीं किया जा सका।

सवाई मानसिंह स्टेडियम को लेकर क्या है उलझन

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन (RCA) के चुनाव लंबित होने की वजह से सवाई मानसिंह स्टेडियम में आईपीएल मुकाबलों के आयोजन पर संशय बना हुआ है। पिछले दो वर्षों से आरसीए का संचालन राज्य सरकार द्वारा गठित एडहॉक कमेटी के हाथों में है। गौरतलब है कि टी20 वर्ल्ड कप के बाद आईपीएल 2026 के मार्च के आखिर से मई के अंत तक खेले जाने की उम्मीद है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here