राठौड़ और तायडे ने खेला अर्धशतक, इशांत शर्मा ने रचा इतिहास; विदर्भ ने दिल्ली के सामने रखा 301 रन का टारगेट

0

नई दिल्ली : विजय हजारे ट्रॉफी 2025-26 के चौथे क्वार्टरफाइनल में मंगलवार (13 जनवरी) को विदर्भ ने दिल्ली के खिलाफ 9 विकेट पर 300 रन का स्कोर बनाया। दिल्ली ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का निर्णय लिया। टीम की कमान ऋषभ पंत और आयुष बदोनी की गैरमौजूदगी में संभाल रहे इशांत शर्मा ने एक महत्वपूर्ण माइलस्टोन हासिल किया और लिस्ट ए क्रिकेट में अपने 200 विकेट पूरे किए। विदर्भ के लिए ओपनर अथर्व तायडे और यश राठौड़ ने शानदार अर्धशतकीय पारियां खेलीं।

विदर्भ की शुरुआत मजबूत रही। अमन मोखड़े के आउट होने से पहले टीम ने 5.3 ओवर में 31 रन जोड़ लिए थे। मोखड़े ने इस दौरान 6 रन बनाए। दूसरे विकेट के रूप में अर्थव तायडे 25वें ओवर की तीसरी गेंद पर 121 के कुल स्कोर पर पवेलियन लौटे। तायडे ने 72 गेंदों में 62 रन का योगदान दिया। इसके बाद ध्रुव शौरी ने 71 गेंदों में 49 रन बनाए और 27वें ओवर की आखिरी गेंद पर आउट हुए। इस समय विदर्भ का स्कोर 3 विकेट पर 136 रन हो गया।

समर्थ रन आउट हुए, विदर्भ की मुश्किलें बढ़ीं

रविकुमार समर्थ 23 रन बनाकर रन आउट हुए। तब विदर्भ का स्कोर 33.5 ओवर में 4 विकेट पर 173 रन था। यश कदम 19 रन बनाकर आउट हुए। तब विदर्भ ने 42.1 ओवर में 5 विकेट पर 230 रन बनाए थे। रोहित बिनकर ने 15 रन बनाए। वह जब आउट हुए तब महाराष्ट्र का स्कोर 44.4 ओवर में 6 विकेट पर 257 रन था। नचिकेत भुटे 10 रन बनाकर आउट हुए। तब विदर्भ ने 48वें ओवर की आखिरी गेंद तक 7 विकेट पर 282 रन बना लिए थे।

दिल्ली की गेंदबाजी का प्रदर्शन

यश राठौड़ ने 73 गेंदों में 86 रन बनाकर पवेलियन लौटे, इस दौरान उन्होंने 8 चौके और 2 छक्के लगाए। इस समय विदर्भ का स्कोर 48.4 ओवर में 8 विकेट पर 288 रन था। इसके बाद हर्ष दुबे ने 7 गेंदों में 10 रन बनाए और आउट हो गए, जिससे विदर्भ का स्कोर 49.5 ओवर में 9 विकेट पर 299 रन तक पहुंच गया। दिल्ली की ओर से इशांत शर्मा, नवदीप सैनी, प्रिंस यादव और नितीश राणा ने 2-2 विकेट चटकाए।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here