IPL 2026 में कोहली-हेड के बीच मैदान पर गरमाया माहौल, मैच खत्म होने के बाद भी दिखी नाराजगी

0

नई दिल्ली : इंडियन प्रीमियर लीग 2026 (IPL 2026) में शुक्रवार (22 मई) को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को अपने आखिरी लीग स्टेज मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ 55 रन से करारी हार का सामना करना पड़ा। आरसीबी की बल्लेबाजी के दौरान विराट कोहली और सनराइजर्स हैदराबाद के ओपनर ट्रैविस हेड के बीच मैदान पर तीखी बहस देखने को मिली। दोनों खिलाड़ियों के बीच कुछ देर तक तू-तू, मैं-मैं भी हुई। मुकाबले के बाद कोहली इतने नाराज नजर आए कि उन्होंने ट्रैविस हेड से हाथ तक नहीं मिलाया, जिसके बाद यह घटना चर्चा का विषय बन गई।

कोहली और हेड के बीच आरसीबी की पारी के तीसरे ओवर में तू तू मैं मैं हुई। शिवांग कुमार के ओवर में वेंकटेश अय्यर ने तीन छक्के और चौके लगाए। इसी दौरान कोहली को हेड को कुछ कहते देखा गया। उन्होंने हेड को गेंद करने का इशारा किया। इसके साथ हाथ से इम्पैक्ट सब्स्टीट्यूट का इशारा करके उनका मजाक भी उड़ाया। 14 मैच में 393 रन बनाने वाले हेड को सनराइजर्स ने इस सीजन ज्यादातर मौकों पर इम्पैक्ट प्लेयर के तौर पर इस्तेमाल किया है।

ट्रैविस हेड ने रजत पाटीदार को किया आउट

कोहली 11 गेंद पर 15 रन बनाकर आउट हो गए। साकिब हुसैन को उनका विकेट मिला। सनराइजर्स ने हेड को भी गेंद डालने का मौका दिया। उन्होंने 19वें ओवर में आरसीबी के कप्तान रजत पाटीदार को आउट किया। पाटीदार ने 56 रन बनाए। 256 रनों के लक्ष्य के जवाब में आरसीबी 200 रन बनाए।

कोहली ने हेड से हाथ नहीं मिलाया

कोहली और हेड के बीच बवाल मैच के बाद भी देखने को मिला। मैच खत्म होने के बाद जब खिलाड़ी मिल रहे थे तब हेड ने हाथ आगे बढ़ाया, लेकिन कोहली उन्हें नजरअंदाज करते हुए आगे बढ़ गए। इससे पहले कोहली सनराइजर्स के कप्तान पैट कमिंस और विकेटकीपर इशान किशन से हाथ मिलाया।

प्लेऑफ में गुजरात टाइटंस से टकराएगी आरसीबी

आरसीबी की टीम भले ही यह मुकाबला हार गई, लेकिन उसने अंक तालिका में शीर्ष-2 में अपनी जगह सुनिश्चित कर ली। अब उसका सामना क्वालिफायर-1 में गुजरात टाइटंस से होगा। वहीं, सनराइजर्स हैदराबाद एलिमिनेटर मुकाबला खेलेगी। प्लेऑफ की चौथी टीम का फैसला अभी बाकी है, जिसका निर्णय लीग स्टेज के आखिरी मैच में रविवार (24 मई) को होगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here