नई दिल्ली : आईपीएल 2023 की नीलामी के बाद अब करीब 4 साल बाद भारत में एक बार फिर आईपीएल की नीलामी होने जा रही है। पिछले 3 आईपीएल संस्करणों की नीलामी भारत से बाहर आयोजित की गई थी। अब इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के 20वें संस्करण की नीलामी भारत में होगी। बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने नीलामी के वेन्यू का ऐलान कर दिया है। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड के सचिव देवजीत सैकिया ने बुधवार को ऐलान किया कि दिसंबर 2026 में गोवा में आईपीएल 2027 के ऑक्शन होंगे। आखिरी बार भारत में दिसंबर 2022 में आईपीएल 2023 के ऑक्शन आयोजित हुए थे। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार उन्होंने कहा,”पिछले तीन सीजन में सऊदी अरब, दुबई और अबु धाबी में ऑक्शन आयोजित करने के बाद इस साल दिसंबर के महीने में गोवा में नीलामी आयोजित होगी।”
आईपीएल ऑक्शन की संभावित तारीखों पर अरुण धूमल ने दी जानकारी
आईपीएल 2027 के लिए मिनी ऑक्शन आयोजित होंगे। सैकिया ने यह ऐलान आईपीएल चेयरमैन अरुण धूमल के उस बयान के बाद किया है जब उन्होंने आईपीएल नीलामी के भारत में होने की जानकारी दी थी। अरुण धूमल ने भी पीटीआई से बात करते हुए अब ऑक्शन के वेन्यू पर बयान दिया है। उन्होंने कहा,”हमने नीलामी के लिए गोवा तय कर दिया है। संभावित तारीखें 15 से 16 दिसंबर हैं।” आईपीएल नीलामी के पिछले तीन चरण दुबई, जेद्दा (मेगा नीलामी) और अबुधाबी में आयोजित किए गए थे। धूमल ने पहले कहा था कि नीलामी को भारत वापस लाना एक सोचा-समझा प्रयास था। यह एक दिन का आयोजन होगा क्योंकि यह एक ‘मिनी ऑक्शन’ है।
आईपीएल 2027 की तैयारी तेज, लीग में पहले ही हो चुके हैं कई बड़े बदलाव
आईपीएल के 20वें संस्करण की नीलामी, रिलीज और रिटेंशन से पहले ही लीग में कई बड़े बदलाव हो चुके हैं। ऋषभ पंत की दिल्ली कैपिटल्स में वापसी हुई है और वह अब लखनऊ सुपर जायंट्स का हिस्सा नहीं हैं। वहीं, कुलदीप यादव को दिल्ली कैपिटल्स ने लखनऊ सुपर जायंट्स के साथ 13.50 करोड़ रुपये में ट्रेड किया है। इसके अलावा, केकेआर के कप्तान अजिंक्य रहाणे ने क्रिकेट से संन्यास ले लिया है। दूसरी ओर, चेन्नई सुपर किंग्स के साथ स्टीफेन फ्लेमिंग का लंबा कार्यकाल भी समाप्त हो चुका है और जहीर खान को टीम का नया हेड कोच नियुक्त किया गया है।


