नई दिल्ली : इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 के एक मुकाबले के दौरान राजस्थान रॉयल्स के टीम मैनेजर रोमी भिंडर उस समय विवादों में आ गए जब टीवी कैमरों में उन्हें डगआउट में मोबाइल फोन का इस्तेमाल करते हुए देखा गया। इस घटना के बाद सोशल मीडिया पर काफी चर्चा शुरू हो गई, क्योंकि आईपीएल के नियमों के अनुसार मैच के दौरान डगआउट क्षेत्र में मोबाइल फोन का उपयोग पूरी तरह प्रतिबंधित है। मामले के सामने आने के बाद भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने इसकी जांच शुरू कर दी है और टीम से इस संबंध में जवाब मांगा गया है।
ऐसे में इस घटना ने एंटी-करप्शन प्रोटोकॉल पर सवाल खड़े कर दिए हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (Board of Control for Cricket in India) ने जांच शुरू कर दी है। अब सभी तथ्यों और वीडियो फुटेज के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी। रोमी भिंडर को IPL में राजस्थान रॉयल्स की रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ मैच के दौरान डगआउट में मोबाइल फोन इस्तेमाल करते हुए देखे जाने के मामले का बीसीसीआई (BCCI) ने संज्ञान लिया है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार बीसीसीआई के सचिव देवजीत सैकिया ने कहा कि किसी भी ‘निष्कर्ष’ पर पहुंचने से पहले बोर्ड इस घटना की सच्चाई की जांच करेगा।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार पीटीआई ने कहा, हमें अच्छी तरह से जांच करनी होगी कि यह घटना ठीक कहां हुई और क्या फोन का इस्तेमाल किया गया था। किसी तार्किक निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले हम एक आंतरिक जांच करेंगे। किसी भी नतीजे पर पहुंचने से पहले हम वीडियो फ़ुटेज की जांच करेंगे और सबूत इकट्ठा करेंगे। इस घटना का वीडियो सबसे पहले एक सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर ने Instagram पर शेयर किया था। शेयर किये गए वीडियो में दावा किया गया कि गुवाहाटी में राजस्थान रॉयल्स की छह विकेट से जीत के दौरान रोमी भिंडर मोबाइल फोन का इस्तेमाल कर रहे थे और उनके बगल में युवा सनसनी वैभव सूर्यवंशी बैठे थे।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार BCCI के एक और पदाधिकारी ने बताया, ‘‘हां, भिंडर ने सचमुच खिलाड़ियों और मैच पदाधिकारियों के क्षेत्र (PMOA) के प्रोटोकॉल का उल्लंघन किया है। मैच के दौरान डगआउट में मोबाइल फोन ले जाना मना है। आईपीएल (IPL) की आधिकारिक वेबसाइट पर PMOA प्रोटोकॉल 2026 से जुड़ा संबंधित नियम कहता है, टीम मैनेजर ड्रेसिंग रूम में फोन इस्तेमाल कर सकते हैं, लेकिन डगआउट में नहीं।’’
रोमी भिंडर राजस्थान रॉयल्स से उसके शुरू होने के समय से ही जुड़े हुए हैं। इस मामले की जानकारी रखने वाले लोगों का मानना है कि रोमी भिंडर से यह उम्मीद की जाती थी कि उन्हें भ्रष्टाचार-रोधी प्रोटोकॉल की पूरी जानकारी होगी। रोमी भिंडर को कड़ी जांच का सामना करना पड़ सकता है, क्योंकि वैभव सूर्यवंशी ने मैच के बाद प्रेजेंटेशन के दौरान उन्हें अपना ‘लोकल गार्जियन’ बताया था।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार बीसीसीआई के एक पदाधिकारी ने कहा, “यह संभव है कि यह अनजाने में हुआ हो, लेकिन इसके बावजूद कार्रवाई तय मानी जा रही है क्योंकि यह प्रोटोकॉल का उल्लंघन है। यह तय करना कि यह सिर्फ चेतावनी होगी या मैच बैन, पूरी तरह मैच रेफरी और एंटी करप्शन यूनिट (ACU) की रिपोर्ट पर निर्भर करेगा। उसी रिपोर्ट के आधार पर आईपीएल गर्वनिंग काउंसिल अंतिम फैसला लेगी।”


