नई दिल्ली: इंडियन प्रीमियर लीग 2026 के 19वें सीजन में अब टॉप-4 की रेस हर मैच के साथ और भी रोमांचक होती जा रही है। इसी कड़ी में 44वें लीग मुकाबले में चेन्नई सुपर किंग्स और मुंबई इंडियंस आमने-सामने थीं, जहां सीएसके ने अपने होम ग्राउंड पर शानदार प्रदर्शन करते हुए मुंबई को 8 विकेट से हराकर पॉइंट्स टेबल में अपनी स्थिति मजबूत कर ली।
मुंबई इंडियंस के लिए यह सीजन अब तक किसी बुरे सपने जैसा रहा है। टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 159 रन बनाए। जवाब में चेन्नई सुपर किंग्स ने बेहतरीन बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए इस लक्ष्य को 18.1 ओवर में सिर्फ 2 विकेट खोकर हासिल कर लिया। इस जीत के साथ सीएसके ने IPL 2026 में 9 मैचों में अपनी चौथी जीत दर्ज की और प्लेऑफ की रेस में खुद को बनाए रखा।
चेन्नई सुपर किंग्स ने मुंबई इंडियंस को 8 विकेट से मात देने के साथ खुद को अभी भी प्लेऑफ में पहुंचने की रेस में शामिल रखा हुआ है। इस मुकाबले में जीत के बाद अब वह आईपीएल 2026 की अंकतालिका में 9 मैच में 4 जीत और 5 हार के बाद 8 अंकों के साथ छठे नंबर पर पहुंच गए हैं। सीएसके का नेट रनरेट अभी 0.005 का है। वहीं मुंबई इंडियंस को लेकर बात की जाए तो ये उनकी इस सीजन में 9 मैच में 7वीं हार है और उनके लिए अब प्लेऑफ में पहुंचने के रास्ते लगभग बंद हो गए हैं। मुंबई इंडियंस अभी प्वाइंट्स टेबल में 4 अंकों के साथ 9वें नंबर पर है और उनका नेट रनरेट -0.803 का है।
आईपीएल 2026 की प्वाइंट्स टेबल में 44 लीग मुकाबलों के बाद टॉप-4 में काबिज टीमों को लेकर बात की जाए तो उसमें पंजाब किंग्स की टीम 8 मैचों में 13 अंकों के साथ पहले नंबर पर है। इसके बाद दूसरे नंबर पर डिफेंडिंग चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की टीम है जिनके 9 मैचों में 12 अंक हैं वहीं सनराइजर्स हैदराबाद की टीम तीसरे नंबर पर 12 अंकों के साथ काबिज है जबकि चौथी पोजीशन पर राजस्थान रॉयल्स की टीम है जिनके 10 मैचों में 6 जीत और चार हार के बाद कुल 12 अंक हैं। ऐसे में अब प्लेऑफ में पहुंचने की रेस बाकी टीमों के लिए काफी दिलचस्प हो रही है।



