नई दिल्ली : भारत के पूर्व क्रिकेटर चेतेश्वर पुजारा का मानना है कि रविंद्र जडेजा का वनडे करियर अब लगभग समाप्ति की ओर बढ़ रहा है। न्यूजीलैंड के खिलाफ 5 मैचों की वनडे सीरीज के लिए जडेजा को भारतीय टीम में जगह नहीं मिली थी। टीम प्रबंधन ने उनकी जगह अक्षर पटेल को प्राथमिकता दी। अगले साल होने वाले वनडे विश्व कप को ध्यान में रखते हुए चयन के इस फैसले से संकेत मिलते हैं कि भारतीय टीम प्रबंधन बड़े टूर्नामेंट के लिए अक्षर पटेल को जडेजा के विकल्प के रूप में तैयार कर रहा है। हालांकि, जडेजा के वनडे भविष्य को लेकर अंतिम फैसला चयनकर्ताओं और टीम प्रबंधन पर निर्भर करेगा।
पुजारा ने कहा कि यदि वनडे क्रिकेट में भारतीय टीम की भविष्य की योजनाओं में रविंद्र जडेजा शामिल होते, तो उन्हें न्यूजीलैंड के खिलाफ सीरीज के लिए जरूर चुना जाता। उन्होंने कहा, “मुझे ऐसा ही लगता है। अगर टीम प्रबंधन जडेजा को वनडे क्रिकेट में बनाए रखना चाहता, तो उन्हें इस सीरीज के लिए चुना जाना चाहिए था। मुझे यकीन है कि उन्हें पहले ही बता दिया गया होगा कि आगे शायद उनका चयन न हो। वनडे क्रिकेट में अक्षर पटेल टीम के प्रमुख ऑलराउंडर के रूप में उभर रहे हैं और उन्हें लगातार ज्यादा मौके दिए जा रहे हैं।”
वनडे टीम में जडेजा की वापसी मुश्किल, चेतेश्वर पुजारा ने बताई वजह
पुजारा ने आगे कहा कि उनकी उम्र को देखते हुए मुझे लगता है कि टीम मैनेजमेंट ने शायद उनसे कह दिया होगा कि अब वह केवल टेस्ट क्रिकेट का हिस्सा हैं इसलिए उन्हें उसी पर ध्यान देना चाहिए और वे उन्हें व्हाइट-बॉल क्रिकेट (वनडे और टी20) के लिए नहीं देख रहे हैं। तो यह उनके करियर का अंत हो सकता है क्योंकि जाहिर है कि वह टी20 इंटरनेशनल से संन्यास ले चुके हैं। मुझे लगता है कि उन्हें अब वनडे मैचों के लिए नहीं चुना जाएगा। पुजारा ने जियोस्टार पर बात करते हुए ये बातें कही।
हालांकि भारत के पूर्व बैटिंग कोच अभिषेक नायर को लगता है कि जडेजा अभी भी अक्षर पटेल के बैक-अप के तौर पर टीम में जगह बना सकते हैं। उन्होंने कहा कि हो सकता है कि जड्डू टीम में वापस न आएं, लेकिन अगर कोई खिलाड़ी चोटिल हो जाता है तो सबसे पहले जड्डू का ही नाम दिमाग में आएगा क्योंकि अक्षर के बाद कोई और विकल्प नहीं है। अभी सबसे सही सवाल यह होगा कि अक्षर के बाद सबसे आगे कौन है। फिलहाल अक्षर पटेल सबसे आगे हैं और उनके बाद जड्डू (रविंद्र जडेजा) एक तरह से आपके लिए इंश्योरेंस पॉलिसी हैं। अगर वर्ल्ड कप से पहले अक्षर पटेल को कुछ हो जाता है तो रविंद्र जडेजा टीम में आ जाएंगे।


