नई दिल्ली: टी20 वर्ल्ड कप 2026 फरवरी में आयोजित किया जाएगा और इसका पहला मुकाबला 7 फरवरी को खेला जाएगा। इससे पहले ही टीमें अपने-अपने स्क्वाड का ऐलान करना शुरू कर चुकी हैं, हालांकि फिलहाल केवल संभावित स्क्वाड ही सामने आए हैं, जिनमें से कुछ खिलाड़ियों को अंतिम रूप से टीम से हटाया जाएगा। इसी क्रम में खबर है कि श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड ने अपनी टीम का ऐलान कर दिया है, जिसमें फिलहाल 25 खिलाड़ी शामिल किए गए हैं।
दासुन शनाका बने श्रीलंका टी20 टीम के कप्तान
श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड ने आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप के लिए अपनी प्रारंभिक टीम का ऐलान कर दिया है, जिसमें 25 खिलाड़ी शामिल हैं और दासुन शनाका को टीम का कप्तान बनाया गया है। इससे पहले भी दासुन शनाका टीम की कमान संभाल रहे थे, लेकिन बीच में उन्हें यह जिम्मेदारी से हटा दिया गया था। अब फिर से उन्हीं को कप्तानी सौंपी गई है। श्रीलंका क्रिकेट टीम के चीफ सेलेक्टर प्रमोदया विक्रमसिंघे ने टीम के ऐलान के समय कहा कि पूर्व कप्तान चरित असलंका का फार्म खराब होने के कारण उन्हें कप्तानी से हटा दिया गया है। वहीं, दासुन शनाका इस समय शानदार फार्म में हैं और उनके पास विश्व कप का अनुभव भी है, इसलिए उन्हें फिर से टीम की कप्तानी दी गई है।
टी20 सीरीज: पाकिस्तान और इंग्लैंड से भिड़ेगी श्रीलंका
टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए श्रीलंका क्रिकेट टीम को ऑस्ट्रेलिया, जिम्बाब्वे, आयरलैंड और ओमान के मजबूत ग्रुप में रखा गया है। हर ग्रुप से शीर्ष दो टीमें अगले राउंड में प्रवेश करेंगी, इसलिए टीमों का मुख्य फोकस अपने ग्रुप में टॉप पर रहने पर होगा। श्रीलंका टीम टी20 वर्ल्ड कप से पहले अपनी ही सरजमीं पर पाकिस्तान के खिलाफ तीन टी20 इंटरनेशनल मैच खेलेगी, जिसके बाद इंग्लैंड की टीम भी श्रीलंका दौरे पर आएगी और तीन टी20 मैच खेलेगी। इस बार का विश्व कप भारत और श्रीलंका की संयुक्त मेजबानी में आयोजित होगा, जिससे श्रीलंका अपनी अधिकांश मैच अपने घरेलू मैदान पर ही खेलेगी।
श्रीलंका टीम: दासुन शनाका (कप्तान), पथुम निसांका, कुसल मेंडिस, कामिल मिशारा, कुसल परेरा, धनंजय डी सिल्वा, निरोशन डिकवेला, जेनिथ लियानाज, चरिथ असलंका, कामिंदु मेंडिस, पवन रथनायके, सहान अराचिगे, वानिंदु हसरंगा, डुनिथ वेललागे, मिलन रथनायके, नुवान तुषारा, ईशान मलिंगा, दुष्मंथा चमीरा, प्रमोद मदुशन, मथीशा पथिराना, दिलशान मदुशंका, महेश थीक्षाना, दुशान हेमंथा, विजयकांत व्यासकांत और ट्रैवीन मैथ्यू।


