नई दिल्ली : भारत ने अफगानिस्तान को तीन मैचों की टी20 सीरीज के दूसरे मुकाबले में सात विकेट से हराकर 2-0 की अजेय बढ़त हासिल कर ली। इस मुकाबले में इशान किशन ने नाबाद 38 रन की महत्वपूर्ण पारी खेली। इस पारी के साथ ही इशान ने टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में एक साल में भारत के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में अभिषेक शर्मा को पीछे छोड़ दिया। इस तरह इशान किशन ने अभिषेक का रिकॉर्ड अपने नाम करते हुए इस खास सूची में अपनी स्थिति और मजबूत कर ली है।
अभिषेक शर्मा से आगे निकले इशान किशन, रचा बड़ा रिकॉर्ड
इशान किशन ने दूसरे टी20आई में अफगानिस्तान के खिलाफ नाबाद 38 रन की पारी 23 गेंदों पर 2 छक्के और 3 चौकों की मदद से खेली और उनका स्ट्राइक रेट इस दौरान 165.22 का रहा। इस पारी के दम पर अब वो टी20आई में एक साल में भारत की तरफ से सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों की लिस्ट में दूसरे नंबर पर आ गए और अभिषेक को पीछे छोड़ दिया जो अब तीसरे नंबर पर चले गए।
इशान किशन ने साल 2026 में अब तक टी20आई में कुल 892 रन बनाए हैं जबकि साल 2025 में अभिषेक शर्मा ने कुल 859 रन बनाए थे। भारत की तरफ से टी20आई में एक साल में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों की लिस्ट में पहले नंबर पर सूर्यकुमार यादव हैं जिन्होंने साल 2022 में 1164 रन बनाए थे। इस लिस्ट में विराट कोहली 781 रन के साथ चौथे स्थान पर हैं।
T20I में एक कैलेंडर वर्ष में भारत के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले टॉप-5 बैटर
1164 रन – 2022 में सूर्यकुमार यादव (एसआर: 187.43)
892 रन – 2026 में ईशान किशन (एसआर: 173.2)
859 रन – 2025 में अभिषेक शर्मा (एसआर: 193.46)
781 रन – 2022 में विराट कोहली (एसआर: 138.23)
733 रन – 2023 में सूर्यकुमार यादव (एसआर: 155.95)
इशान किशन 2026 में टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में भारत के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं। उन्होंने अब तक 25 मैचों की 25 पारियों में 173.20 के शानदार स्ट्राइक रेट से 892 रन बनाए हैं। इस दौरान इशान के बल्ले से एक शतक और छह अर्धशतक निकले हैं। इस साल टी20 अंतरराष्ट्रीय में उनका सर्वोच्च स्कोर 103 रन रहा है। शानदार फॉर्म के दम पर इशान ने इस साल भारतीय टी20 बल्लेबाजी में अपनी मजबूत दावेदारी पेश की है।


