कुशल मल्ला की वापसी से मजबूत हुई नेपाल की टीम, दीपेंद्र सिंह ऐरी बने कप्तान

0

नई दिल्ली : नेपाल ने एशियन गेम्स 2026 के लिए मंगलवार, 15 सितंबर को अपनी 15 सदस्यीय टीम का ऐलान कर दिया। टीम में कुशल मल्ला की वापसी हुई है, जबकि दीपेंद्र सिंह ऐरी को कप्तानी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। यह पहली बार होगा जब दीपेंद्र सिंह ऐरी किसी फुल मेंबर वाली बहु-टीम प्रतियोगिता में नेपाल की अगुआई करेंगे। फरवरी में टी20 विश्व कप के बाद उन्होंने रोहित पौडेल की जगह नेपाल की टी20 टीम की कप्तानी संभाली थी। इसके बाद मई-जून में खेले गए एशियन गेम्स क्वालिफायर में भी ऐरी ने टीम की कमान संभाली थी।

मल्ला इस साल की शुरुआत में टी20 वर्ल्ड कप में नहीं खेल पाए थे, लेकिन अप्रैल में वापसी के बाद से उन्होंने 130 रन बनाए हैं। इसमें चीन के खिलाफ नाबाद 85 रन भी शामिल हैं। वह नेपाल के उन पांच बल्लेबाजों में से एक हैं, जिन्होंने टी20 इंटरनेशनल में 1000 से ज्याजा रन बनाए हैं। वापसी के बाद से उन्होंने अपनी लेफ्ट आर्म स्पिन से छह विकेट भी लिए हैं।

ऑलराउंडर बसीर अहमद को नेपाल की टीम से बाहर कर दिया गया है। वह टी20 वर्ल्ड कप और संयुक्त अरब अमीरात के खिलाफ सीरीज में टीम का हिस्सा थे। टीम में वनडे कप्तान संदीप लामिछाने, कुशल भुर्तेल, आसिफ शेख, करण केसी और सोमपाल कामी जैसे अनुभवी खिलाड़ी भी शामिल हैं। गुलसन झा और ऐरी ऑलराउंडर होंगे। ऑफ स्पिनर शेर मल्ला का भी चयन हुआ है, जिन्होंने टी20 वर्ल्ड कप में इंग्लैंड के खिलाफ डेब्यू किया था। उन्होंने अब तक चार मैचों में आठ विकेट लिए हैं।

नेपाल के स्पिन विभाग में लामिछाने और शेर के अलावा ललित राजबंशी भी होंगे, जबकि करण,कामी और नंदन यादव पेस अटैक का मुख्य हिस्सा होंगे। एशियन गेम्स का पुरुषों का इवेंट 24 सितंबर को जापान के निशिन में शुरू होगा, जिसका फाइनल 3 अक्टूबर को खेला जाएगा। नेपाल का मुकाबला 25 और 26 सितंबर को क्रमशः अफगानिस्तान और जापान से होगा।

नेपाल का स्क्वाड

दीपेंद्र सिंह ऐरी (कप्तान), कुशाल भुर्तेल, आसिफ शेख, रोहित पौडेल, आरिफ शेख, कुशाल मल्ला, संदीप जोरा, लोकेश बाम, संदीप लामिछाने, गुलसन झा, करण केसी, सोमपाल कामी, नंदन यादव, ललित राजबंशी, शेर मल्ला।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here