हैदराबाद: Sunrisers Hyderabad (SRH) के नियमित कप्तान Pat Cummins की गैरमौजूदगी में विकेटकीपर बल्लेबाज Ishan Kishan IPL 2026 के शुरुआती मैचों में टीम की कप्तानी संभाल सकते हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक कमिंस फिलहाल बैक इंजरी से उबर रहे हैं और उनके टीम से जुड़ने को लेकर स्थिति साफ नहीं है। कमिंस को यह चोट 2025-26 एशेज सीरीज से पहले लगी थी। हालांकि उन्होंने एक टेस्ट मैच खेला, लेकिन इसके बाद फिर से टीम से बाहर हो गए। फ्रेंचाइजी ने अभी तक ईशान को कप्तानी सौंपे जाने को लेकर आधिकारिक घोषणा नहीं की है, लेकिन उन्हें मजबूत दावेदार माना जा रहा है।
ईशान किशन के पक्ष में उनका कप्तानी अनुभव भी अहम भूमिका निभा रहा है। उन्होंने अपनी कप्तानी में झारखंड को पहली बार सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी का खिताब दिलाया। इस दौरान उन्होंने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 197.33 की स्ट्राइक रेट से 517 रन बनाए। इसी वजह से कप्तानी की दौड़ में वे Abhishek Sharma से आगे नजर आ रहे हैं। हालांकि पिछले IPL सीजन में ईशान का प्रदर्शन उतार-चढ़ाव भरा रहा था, लेकिन हालिया फॉर्म ने उनकी स्थिति मजबूत कर दी है। न्यूजीलैंड के खिलाफ सीरीज और 2026 टी-20 वर्ल्ड कप में उन्होंने कुल 532 रन बनाए और टीम की सफलता में अहम योगदान दिया।
टीम संयोजन की बात करें तो ओपनिंग जोड़ी Abhishek Sharma और Travis Head के साथ छेड़छाड़ की संभावना कम है। ईशान किशन नंबर-3 पर बल्लेबाजी करते हुए मिडिल ऑर्डर को मजबूती दे सकते हैं। वहीं गेंदबाजी विभाग में कमिंस की गैरमौजूदगी टीम के लिए चुनौती बन सकती है। विशेषज्ञों का मानना है कि ईशान के लिए गेंदबाजों का सही इस्तेमाल करना सबसे बड़ी परीक्षा होगी। हालांकि टीम में विकल्प मौजूद हैं, लेकिन कमिंस जैसा अनुभवी लीडर मैदान पर न होना SRH के लिए बड़ी कमी साबित हो सकता है।

