नई दिल्ली : इशान किशन की शानदार 70 रन की पारी और कप्तान पैट कमिंस की घातक गेंदबाजी की बदौलत सनराइजर्स हैदराबाद ने सोमवार को चेन्नई सुपर किंग्स को पांच विकेट से हराकर आईपीएल 2026 के प्लेऑफ में अपनी जगह पक्की कर ली। चेपक की धीमी पिच पर 181 रन का लक्ष्य आसान नहीं माना जा रहा था, लेकिन इशान किशन ने 47 गेंदों में सात चौके और तीन छक्कों की मदद से बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए मैच का रुख बदल दिया। वहीं हेनरिक क्लासेन ने भी 26 गेंदों पर 47 रन की तेज पारी खेली। दोनों बल्लेबाजों ने तीसरे विकेट के लिए 75 रन की अहम साझेदारी कर टीम को 19 ओवर में पांच विकेट पर लक्ष्य तक पहुंचा दिया।
सनराइजर्स के अब 16 अंक है और उसे एक मैच और खेलना है। चेन्नई सुपर किंग्स की हार के बाद गुजरात टाइटंस (16 अंक) भी प्लेआफ में पहुंच गई है। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू (18 अंक) पहले ही प्लेआफ में पहुंच चुकी है और अब बस एक स्थान के लिये मुकाबला है। चेन्नई के 13 मैचों में 12 अंक है और वह दौड़ से पूरी तरह बाहर नहीं हुई है। मैच में सनराइजर्स ने लक्ष्य का पीछा करते हुए अच्छी शुरुआत नहीं की और ट्रेविस हेड जल्दी आउट हो गए।
क्लासेन को मिला बड़ा जीवनदान, चेन्नई को पड़ा भारी
अभिषेक शर्मा भी 21 गेंद में 26 रन ही बना सके। पावरप्ले में स्कोर एक विकेट पर 45 रन था। क्लासेन को नूर अहमद की गेंद पर 18 के स्कोर पर स्पेंसर जॉनसन ने जीवनदान दिया। इसके बाद क्लासेन और इशान ने मैच का नक्शा ही बदल दिया। दोनों ने चेन्नई के स्पिनरों अकील हुसैन और नूर अहमद को सहजता से खेला। इशान ने 37 गेंद में 50 रन पूरे किये। वहीं नूर की गेंद पर संजू सैमसन की कुशल स्टम्पिंग का शिकार होकर क्लासेन आउट हो गए।
चेन्नई सुपर किंग्स ने 180 रन बनाये
इशान को अंशुल कम्बोज ने आउट किया, लेकिन उस समय सनराइजर्स को जीत के लिये छह रन की ही जरूरत थी । इससे पहले कमिंस ने अनुशासित गेंदबाजी करते हुए 28 रन देकर तीन विकेट लिये, लेकिन चेन्नई सुपर किंग्स ने सात विकेट पर 180 रन बना लिये। सैमसन ने टीम को शानदार शुरुआत देते हुए पहले ओवर में नीतिश कुमार रेड्डी को दो चौके और एक छक्का लगाकर 17 रन निकाले।
उर्विल पटेल ने कमिंस को दो छक्के लगाये
प्रफुल्ल हिंगे को अगले ओवर में उन्होंने लगातार तीन चौके जड़े। कमिंस तीसरे ओवर में गेंदबाजी के लिये आये और सैमसन को विकेट के पीछे इशान किशन के हाथों लपकवाया। उर्विल पटेल ने कमिंस को दो छक्के लगाये लेकिन साकिब हुसैन की गेंद पर अपना विकेट गंवा बैठे। चेन्नई के कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ ने कार्तिक शर्मा (19 गेंद में 32 रन ) के साथ तीसरे विकेट के लिये 42 रन जोड़े। कार्तिक ने कुछ परिपक्व शॉट्स लगाये, जिनमें हिंगे को छक्का और स्पिनर शिवांग कुमार को लगाया छक्का शामिल है। कमिंस ने उन्हें आफ स्टम्प के बाहर जाती गेंद पर ललचाया और अपर कट लगाकर वह डीप में नीतिश को कैच दे बैठे।
रुतुराज गायकवाड़ की धीमी पारी, 21 गेंदों में बनाए सिर्फ 15 रन
इसके बाद रुतुराज गायकवाड़ भी पैट कमिंस की तेज बाउंसर पर पूरी तरह चकमा खा गए और 21 गेंदों में 15 रन बनाकर डीप में एशान मलिंगा को कैच थमा बैठे। वहीं डेवाल्ड ब्रेविस ने 27 गेंदों पर 44 रन की आक्रामक पारी खेली, जबकि शिवम दुबे ने 26 रन का योगदान दिया। दोनों बल्लेबाजों ने पांचवें विकेट के लिए 59 रन जोड़कर चेन्नई सुपर किंग्स को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई। पूरे सीजन में लय तलाश रहे ब्रेविस ने इस मुकाबले में कुछ शानदार शॉट लगाए और कमिंस के खिलाफ छक्का जड़ने के अलावा नीतिश रेड्डी की गेंद पर भी चौका और छक्का लगाया। हालांकि उनकी पारी का अंत एशान मलिंगा ने 141 किमी प्रति घंटे की रफ्तार वाली गेंद पर किया।


