नई दिल्ली: सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2025 में इशान किशन का जलवा लगातार देखने को मिला है। उन्होंने इस टी20 टूर्नामेंट में 9 पारियों में 416 रन बनाकर शानदार फॉर्म दिखाई है। उनके इस प्रदर्शन का असर टीम पर भी पड़ा है और झारखंड की टीम पहली बार खिताब जीतने के बेहद करीब पहुंचते हुए फाइनल में जगह बनाने में सफल रही है। टूर्नामेंट के फाइनल में 18 दिसंबर, गुरुवार को झारखंड का सामना हरियाणा से होगा। खास बात यह है कि दोनों ही टीमों ने पहली बार फाइनल में प्रवेश किया है, जिससे इस बार सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी को नया विजेता मिलने तय है।
झारखंड की बात करें तो इशान किशन की कप्तानी में इस टूर्नामेंट में टीम ने 9 में से आठ मुकाबले जीते हैं। वहीं ग्रुप स्टेज में सभी 7 मैच जीतने के बाद सुपर लीग में भी टीम ने तीन में से दो मैच जीते। आखिरी सुपर लीग मैच में आंध्र प्रदेश के खिलाफ 9 रन से हार मिलने के बावजूद इस टीम ने फाइनल में जगह बना ली। इसमें इशान का बल्ले से अहम योगदान रहा है। वह टूर्नामेंट के दूसरे टॉप स्कोरर भी हैं।
इशान किशन के बल्ले ने फोड़ा धमाका
इशान किशन ने सैयद मुश्ताक अली टी20 ट्रॉफी के मौजूदा संस्करण में 9 पारियों में 416 रन बनाकर शानदार प्रदर्शन किया है। उनका औसत 52 का रहा, जबकि स्ट्राइक रेट 195.31 का रहा। इसके अलावा उन्होंने इस टूर्नामेंट में 45 चौके और 23 छक्के लगाए हैं। इस जबरदस्त प्रदर्शन के बाद किशन ने एक बार फिर भारतीय चयनकर्ताओं का ध्यान अपनी ओर खींचा है, खासकर यह देखते हुए कि वह नवंबर 2023 के बाद से टीम इंडिया से बाहर हैं।
किस टीम ने जीते कितने खिताब?
तमिलनाडु: 3 (2006, 2021, 2022)
कर्नाटक: 2 (2019, 2020)
बड़ौदा: 2 (2011, 2013)
गुजरात: 2 (2012, 2014)
मुंबई: 2 (2022, 2024)
उत्तर प्रदेश: 1 (2015)
महाराष्ट्र: 1 (2009)
पंजाब: 1 (2023)
ईस्ट जोन: 1 (2016)
दिल्ली: 1 (2017)
बंगाल: 1 (2010)


