ISSF World Cup: ईशा का सुनहरा निशाना, महिलाओं की 10 मीटर एयर पिस्टल में भारत को मिला स्वर्ण

0

निंगबो: ओलंपियन और मिश्रित टीम पिस्टल स्पर्धा की विश्व चैंपियन ईशा सिंह ने शानदार प्रदर्शन करते हुए आईएसएसएफ विश्व कप राइफल/पिस्टल में भारत के खिताबी सूखे को खत्म कर दिया। 20 वर्षीय ईशा ने महिला 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में स्वर्ण पदक अपने नाम किया। निंगबो ओलंपिक स्पोर्ट्स सेंटर में खेले गए रोमांचक फाइनल में उन्होंने मेज़बान चीन की खिलाड़ी याओ कियानक्सुन को महज 0.1 अंक के अंतर से हराया। वहीं, दक्षिण कोरिया की मौजूदा ओलंपिक चैंपियन ओह येजिन ने कांस्य पदक जीता।

ईशा सिंह ने जीता अपना पहला विश्व कप स्वर्ण पदक

यह ईशा सिंह का विश्व कप में पहला स्वर्ण पदक है और उनकी इस उपलब्धि से भारत पदक अंक तालिका में पांचवें स्थान पर पहुंच गया है। भारत के साथ चार और देश एक-एक स्वर्ण पदक जीतकर संयुक्त रूप से पांचवें स्थान पर काबिज हैं। मेज़बान चीन दो स्वर्ण, चार रजत और एक कांस्य के साथ तालिका में शीर्ष पर बना हुआ है। खास बात यह है कि भारत ने इस टूर्नामेंट में हर स्पर्धा में अपने चौथे से छठे क्रम के निशानेबाजों को मौका दिया है, जिससे भविष्य की प्रतिभाओं को निखारने का मौका मिल रहा है।

स्वर्ण पदक जीतने के बाद ईशा सिंह ने अपनी खुशी जाहिर करते हुए कहा, “मैं बहुत खुश हूं क्योंकि यह पहली प्रतियोगिता थी जिससे मैंने शुरुआत की और इसमें मैंने विश्व कप का स्वर्ण पदक जीता। हां, जाहिर है कि इस साल की अगली सबसे बड़ी प्रतियोगिता विश्व चैंपियनशिप है। हम इसके लिए बहुत कड़ा अभ्यास कर रहे हैं और मुझे यकीन है कि आपको काहिरा में भारतीय टीम से बहुत अच्छी चीजें देखने को मिलेंगी।”

रिदम को पदक से चूकना पड़ा

ईशा सिंह और रिदम सांगवान ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 578 के समान स्कोर के साथ फाइनल के लिए क्वालिफाई किया और अंतिम दो उपलब्ध स्थान अपने नाम किए। वहीं, चीन की याओ कियानक्सुन ने 584 अंक बनाकर क्वालिफिकेशन में शीर्ष स्थान हासिल किया। दूसरी ओर, केवल रैंकिंग अंकों के लिए प्रतिस्पर्धा कर रही भारत की पलक गुलिया ने बेहतरीन खेल दिखाते हुए 586 का स्कोर किया। भारत की ही सुरभि राव 568 अंक के साथ 25वें स्थान पर रहीं।

आठ निशानेबाजों के फाइनल में रिदम सांगवान ने अच्छी शुरुआत की और पहली सीरीज के बाद शीर्ष स्थान पर रही, जबकि ईशा सिंह दूसरे स्थान पर थीं। जैसे-जैसे मुकाबला आगे बढ़ा, दोनों भारतीय निशानेबाजों ने धैर्य और स्थिरता बनाए रखी। रिदम अपने 15वें निशाने पर 10.8 के स्कोर के साथ चौथे स्थान पर पहुंचीं, लेकिन 18वें निशाने के बाद मुकाबले से बाहर हो गईं। इस दौरान ईशा ने अपनी लय बनाए रखी और निर्णायक चरणों में 10.7 के दो शॉट्स लगाकर चीन की खिलाड़ी याओ पर मामूली बढ़त बनाए रखी। उन्होंने 242.6 के अंतिम स्कोर के साथ स्वर्ण पदक जीता, जो चीन की निशानेबाज से केवल 0.1 अंक अधिक था। अन्य परिणामों में पुरुषों की 25 मीटर रैपिड-फायर पिस्टल में भारत के भावेश शेखावत 22वें, प्रदीप सिंह शेखावत 23वें और मनदीप सिंह 39वें स्थान पर रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here