Italian Grand Prix: F1 में नया इतिहास: वेरस्टैपेन का सबसे तेज़ लैप, बना वर्ल्ड रिकॉर्ड

0

नई दिल्ली: रेड बुल के स्टार ड्राइवर मैक्स वेरस्टापेन ने शनिवार को हुए इटैलियन ग्रां प्री क्वालिफाइंग में शानदार प्रदर्शन करते हुए पोल पोज़िशन अपने नाम की। वेरस्टापेन ने इतिहास रचते हुए F1 का सबसे तेज़ लैप दर्ज किया और मर्सिडीज व मैकलेरन के दिग्गज दावेदारों को पीछे छोड़ दिया। उनके इस रिकॉर्डतोड़ प्रदर्शन ने न केवल दर्शकों को रोमांचित कर दिया, बल्कि यह साबित कर दिया कि मौजूदा सीज़न में वे जीत के सबसे प्रबल दावेदार हैं।

3.54 मील (5.79 किमी) लंबे “टेम्पल ऑफ स्पीड” ट्रैक पर मैक्स वेरस्टापेन ने महज़ 1 मिनट 18.792 सेकंड में लैप पूरा किया। इस दौरान उनकी औसत गति 264.682 किमी प्रति घंटा रही, जो अब तक की सबसे तेज़ दर्ज की गई गति है। इस शानदार प्रदर्शन के साथ वेरस्टापेन ने 2020 में लुईस हैमिल्टन द्वारा बनाए गए रिकॉर्ड को तोड़कर नया इतिहास रच दिया।

क्वालिफाइंग में लैंडो नॉरिस वेरस्टापेन से महज़ 0.077 सेकंड पीछे रहते हुए दूसरे स्थान पर रहे, जबकि उनके साथी ड्राइवर ऑस्कर पियास्त्री तीसरे पायदान पर रहे। फेरारी के स्टार चार्ल्स लेक्लर्क चौथे स्थान पर काबिज़ हुए। वहीं, लुईस हैमिल्टन को इंजन बदलने के कारण पाँच स्थान की ग्रिड पेनल्टी झेलनी पड़ी, जिसके चलते उन्हें 10वें स्थान से शुरुआत करनी होगी। पोल पोज़िशन हासिल करने के बाद वेरस्टापेन ने टीम रेडियो पर अपनी खुशी ज़ाहिर करते हुए कहा— “यह अविश्वसनीय है। क्वालिफाइंग में आखिरी पलों में किए गए बदलावों ने बड़ा फर्क डाला।”

फेरारी के घरेलू प्रशंसकों (तिफ़ोसी) को क्वालिफाइंग के दौरान शुरुआती खुशी तब मिली जब चार्ल्स लेक्लर्क ने Q3 में सबसे तेज़ समय दर्ज किया। हालांकि, कुछ ही पलों बाद मैक्स वेरस्टापेन ने यह बढ़त छीन ली और पोल पोज़िशन अपने नाम कर ली। यह वेरस्टापेन के करियर की 45वीं पोल पोज़िशन है, जबकि मौजूदा सीज़न में उनकी यह पाँचवीं पोल रही।

19 वर्षीय इतालवी ड्राइवर किमी एंटोनेली ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सातवां स्थान पाया। मर्सिडीज के साथी जॉर्ज रसेल छठे रहे। पिछले सप्ताह अपने पहले पोडियम से सुर्खियां बटोरने वाले फ्रांसीसी रूकी इसैक हादजार के लिए यह क्वालिफाइंग निराशाजनक रहा। Q1 में ही बाहर होने के साथ-साथ इंजन बदलने के कारण उन्हें रविवार को पिट लेन से शुरुआत करनी होगी। अब देखना यह होगा कि रविवार को मुख्य रेस में वेरस्टैपेन अपने इस ऐतिहासिक लैप का फायदा उठाकर जीत दर्ज कर पाते हैं या मैकलेरन और फेरारी की जोड़ी उन्हें कड़ी चुनौती देती है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here