लंदन. इंग्लैंड क्रिकेट बोर्ड ने सितंबर में आयरलैंड के खिलाफ होने वाली तीन मैचों की टी-20 सीरीज के लिए टीम का ऐलान कर दिया है। सबसे बड़ी खबर यह है कि 21 साल के ऑलराउंडर जैकब बेथेल को टीम की कप्तानी सौंपी गई है। जैकब जैसे ही पहला मैच खेलेंगे, वे इंग्लैंड के इतिहास में सबसे युवा मेंस कप्तान बन जाएंगे। वे 136 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ देंगे। अब तक यह रिकॉर्ड पूर्व क्रिकेटर मोंटी बोडेन के नाम था, जिन्होंने 1889 में 23 साल की उम्र में इंग्लैंड की कप्तानी की थी। उस वक्त कप्तान ऑब्रे स्मिथ बीमार हो गए थे, जिसके बाद बोडेन को कप्तान बनाया गया था।
जैकब बेथेल का करियर
जैकब बेथेल ने पिछले साल ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ इंटरनेशनल डेब्यू किया था। वे अब तक इंग्लैंड के लिए 4 टेस्ट, 12 वनडे और 13 टी-20 मैच खेल चुके हैं।
टेस्ट: 271 रन, 3 विकेट, 3 अर्धशतक
वनडे: 317 रन, 7 विकेट, 3 अर्धशतक
टी-20: 281 रन (154.40 स्ट्राइक रेट), 2 अर्धशतक, 4 विकेट
आयरलैंड सीरीज के लिए इंग्लैंड टीम
जैकब बेथेल (कप्तान), रेहान अहमद, सनी बेकर, टॉम बैंटन, जोस बटलर, लियाम डॉसन, टॉम हार्टली, विल जैक्स, साकिब महमूद, जेमी ओवरटन, मैथ्यू पॉट्स, आदिल रशीद, फिल सॉल्ट, ल्यूक वुड।
साउथ अफ्रीका के खिलाफ अलग कप्तान
आयरलैंड दौरे से पहले इंग्लैंड टीम साउथ अफ्रीका के खिलाफ तीन वनडे और तीन टी-20 खेलेगी। इस सीरीज के लिए हैरी ब्रुक को कप्तान बनाया गया है। वनडे और टी-20 दोनों के लिए वे टीम की अगुवाई करेंगे।


