27 जनवरी 2026: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और मंत्री विश्वास कैलाश सारंग के मुख्य आतिथ्य में खेलो एमपी यूथ गेम्स का शुभारंभ

0
भोपाल में 27 जनवरी को राज्य स्तरीय उद्घाटन समारोह में होंगे कैलाश खेर के मधुर सुर

भोपाल : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और केंद्रीय श्रम एवं रोजगार, युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया खेलो एमपी यूथ गेम्स के राज्य स्तरीय समारोह का शुभारंभ करेंगे। यह भव्य आयोजन आज दिनांक 27 जनवरी 2026 को राजधानी के तात्या टोपे स्टेडियम में सायं 6:30 बजे होगा और प्रदेश के खेल इतिहास में यादगार समारोह के रूप में दर्ज होगा। खेल, युवा ऊर्जा, संस्कृति और संगीत के अद्भुत संगम के रूप में यह शुभारंभ समारोह प्रदेश के लिए एक खेल उत्सव का अवसर प्रस्तुत करेगा। समारोह का मुख्य आकर्षण सुप्रसिद्ध पार्श्व गायक कैलाश खेर की प्रस्तुति होगी।

संगीत, संस्कृति और खेलों का शानदार मिलन

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार सहकारिता, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने बताया कि खेलो एमपी यूथ गेम्स के राज्य स्तरीय शुभारंभ समारोह को विशेष रूप से भव्य, आकर्षक और यादगार बनाया गया है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार उन्होंने कहा कि समारोह का मुख्य आकर्षण सुप्रसिद्ध पार्श्व गायक श्री कैलाश खेर की लाइव संगीतमय प्रस्तुति होगी। उनकी सशक्त आवाज़, लोक-संगीत की आत्मा और ऊर्जा से भरपूर गायन से पूरा तात्या टोपे स्टेडियम संगीतमय उल्लास और रोमांच से गूंज उठेगा।

इसके साथ ही ‘इंडियाज गोट टैलेंट’ फेम डांस ट्रूप द्वारा प्रस्तुत रोमांचक एरोबिक डांस दर्शकों को मंत्रमुग्ध करेगा। समारोह में भव्य मार्च-पास्ट के माध्यम से खिलाड़ियों का अनुशासन, एकजुटता और खेल भावना प्रभावशाली ढंग से प्रदर्शित किया जाएगा। इसके अलावा, खेलों की भावना, संघर्ष, अनुशासन और विजय को दर्शाती विशेष नृत्य-नाटिका युवाओं में खेलों के प्रति प्रेरणा, आत्मविश्वास और राष्ट्रीय गौरव का भाव जागृत करेगी।

ऐतिहासिक पहल: भव्य और समन्वित आयोजन की पहली झलक

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने बताया कि यह पहली बार है जब खेलो एमपी यूथ गेम्स को इस स्तर पर भव्य, सुव्यवस्थित और व्यापक स्वरूप में आयोजित किया जा रहा है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार उन्होंने विशेष रूप से कहा कि देश में पहली बार खेल विभाग ने सभी मान्यता प्राप्त खेल संघों के साथ मिलकर इन प्रतियोगिताओं का आयोजन और संचालन किया है। इस समन्वित प्रयास के माध्यम से खेलो एमपी यूथ गेम्स केवल प्रतियोगिता तक सीमित नहीं रहेंगे, बल्कि यह राज्य स्तरीय टीम चयन का सशक्त मंच, युवा प्रतिभाओं की पहचान का माध्यम और प्रदेश की खेल संस्कृति के उत्सव के रूप में विकसित किए गए हैं।

28 खेलों में युवा खिलाड़ी करेंगे शानदार प्रदर्शन

राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं के शुभारंभ के साथ ही प्रदेशभर से चयनित 28 खेलों के खिलाड़ी अपनी खेल क्षमता, अनुशासन और समर्पण का प्रदर्शन करेंगे। उल्लेखनीय है कि खेलो एमपी यूथ गेम्स की ब्लॉक, जिला और संभाग स्तरीय प्रतियोगिताएँ सफलतापूर्वक संपन्न हो चुकी हैं, जिनमें ग्रामीण से लेकर शहरी क्षेत्रों तक बड़ी संख्या में खिलाड़ियों ने भाग लिया। राज्य स्तरीय शुभारंभ समारोह उसी सफलता की भव्य और प्रेरक निरंतरता प्रस्तुत करता है।

खिलाड़ियों और युवाओं से व्यापक सहभागिता का आह्वान

खेलो एमपी यूथ गेम्स के इस भव्य शुभारंभ समारोह में विभिन्न खेल संघों के वरिष्ठ पदाधिकारी, खेल प्रेमियों, युवा, अभिभावक और नागरिक बड़ी संख्या में सहभागिता करेंगे। यह आयोजन न केवल खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाएगा, बल्कि मध्यप्रदेश को खेलों के क्षेत्र में राष्ट्रीय स्तर पर सशक्त पहचान दिलाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here