जितेश शर्मा का धमाका: 200 स्ट्राइक रेट, विकेट के पीछे कमाल; धोनी के रिकॉर्ड की बराबरी

0

नई दिल्ली: भारत और साउथ अफ्रीका के बीच खेले गए टी20 सीरीज के पहले मुकाबले में संजू सैमसन को मौका न मिलने पर कई सवाल उठे। उनकी जगह जितेश शर्मा को टीम में शामिल किया गया, और उन्होंने इस अवसर को पूरी तरह भुनाया। अंतिम ओवरों में बल्लेबाजी के लिए उतरे, जितेश ने सिर्फ पांच गेंदों में 200 के स्ट्राइक रेट से 10 रन बनाए और एक शानदार छक्का भी लगाया।

इसके बाद भारतीय गेंदबाजी में भी उनका योगदान अहम रहा। जितेश शर्मा इस मैच में विकेट के पीछे शानदार प्रदर्शन करते हुए चार कैच लपकने में सफल रहे। इस उपलब्धि के साथ वह किसी एक टी20 इंटरनेशनल मैच में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले संयुक्त रूप से तीसरे भारतीय विकेटकीपर बन गए। इससे पहले एमएस धोनी ने तीन बार और दिनेश कार्तिक ने एक बार ऐसा कारनामा किया था।

किसी एक T20I में भारतीय विकेटकीपर द्वारा सर्वाधिक शिकार

5 – एमएस धोनी बनाम इंग्लैंड, ब्रिस्टल, 2018
4 – एमएस धोनी बनाम अफगानिस्तान, ग्रॉस आइलेट, 2010
4 – एमएस धोनी बनाम पाकिस्तान, कोलंबो, 2012
4 – एमएस धोनी बनाम श्रीलंका, कटक, 2017
4 – दिनेश कार्तिक बनाम इंग्लैंड, साउथैम्पटन, 2022
4 – जितेश शर्मा बनाम साउथ अफ्रीका, कटक, 2025

जितेश शर्मा का करियर रिकॉर्ड: प्रमुख आंकड़े और उपलब्धियाँ

जितेश शर्मा के करियर की बात करें तो यह उनका 13वां टी20 इंटरनेशनल मैच था। इस दौरान उन्होंने भारत के लिए अब तक 135 रन बनाए हैं, जिसमें 35 रन उनका सर्वाधिक स्कोर है। विकेटकीपिंग में उन्होंने कुल 7 कैच और एक स्टंपिंग की है। ओवरऑल आईपीएल और घरेलू टी20 सर्किट को मिलाकर जितेश के नाम टी20 क्रिकेट में 3136 रन दर्ज हैं, जिसमें एक शतक और 12 अर्धशतक शामिल हैं।

विकेट के पीछे उन्होंने टी20 क्रिकेट में 113 कैच और 18 स्टंपिंग की हैं। वह आईपीएल में आरसीबी का हिस्सा हैं। हाल ही में एशिया कप राइजिंग स्टार्स में इंडिया ए के कप्तान भी थे। उनको दी जा रही तवज्जो को देख कर लगने लगा है कि टी20 वर्ल्ड कप में भी उनका खेलना लगभग तय है।

फिलहाल, जितेश शर्मा को संजू सैमसन से ऊपर तरजीह देना भारतीय टीम मैनेजमेंट के लिए लगातार सवालों का कारण बन रहा है। अब यह समय ही बताएगा कि टी20 टीम इंडिया में फुलटाइम विकेटकीपर-बल्लेबाज का स्थान संजू के पास रहेगा या जितेश इसे अपने नाम कर पाएंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here